शिवसेना-भाजपा में गठबंधन पर असमंजस बरकरार
मुंबई। प्रदेश सरकार में भाजपा व शिवसेना के साथ आने को लेकर असमंजस अब भी बरकरार है। हालांकि सुलह के ल
मुंबई। प्रदेश सरकार में भाजपा व शिवसेना के साथ आने को लेकर असमंजस अब भी बरकरार है। हालांकि सुलह के लिए चर्चाओं का दौर बदस्तूर जारी है। दोनों का पुनर्मिलन कराने के लिए अब डॉ. सुब्रह्मण्यम स्वामी मध्यस्थ की भूमिका में आ गए हैं। भाजपा नेता डॉ. स्वामी ने शनिवार को मातोश्री जाकर शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। कहा, 'हम चाहते हैं कि महाराष्ट्र में स्थिर सरकार और हिंदुत्व के लिए दोनों दल एक साथ आएं। हमें उम्मीद है कि भाजपा-शिवसेना जल्द ही एक साथ होंगे।' हालांकि भाजपा ने इसे स्वामी का व्यक्तिगत प्रयास बताया है।
वहीं सहकारिता मंत्री चंद्रकांत पाटील ने कोल्हापुर में कहा कि शिवसेना के साथ चर्चा सकारात्मक ढंग से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मुंबई में विधान भवन परिसर में कहा कि भाजपा व शिवसेना के बीच चल रही चर्चा के सकारात्मक परिणाम सामने आने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर से पहले तक बातचीत के सकारात्मक नतीजे सामने होंगे। गौरतलब है कि विधानमंडल का शीत सत्र 8 दिसंबर से नागपुर में शुरू होने जा रहा है। हालांकि शिवसेना सांसद अनिल देसाई ने कहा कि भाजपा की ओर से शिवसेना को अभी कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।
सोमवार तक हो सकता है फैसला
सूत्रों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को भी शनिवार को मुंबई आना था, लेकिन खबर है कि दांत में दर्द के कारण उनका कार्यक्रम स्थगित हो गया। अब इस बारे में फैसला सोमवार तक ही हो पाने की उम्मीद है।