उत्तर भारतीय, मुस्लिम बाहुल्य सीट पर कांग्रेस-शिवसेना में मुकाबला
मुंबई। उत्तर भारतीय तथा मुस्लिम बाहुल्य कालिना सीट से मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व मुंबई के उत्
मुंबई। उत्तर भारतीय तथा मुस्लिम बाहुल्य कालिना सीट से मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व मुंबई के उत्तर भारतीय चेहरे कृपाशंकर सिंह बतौर कांग्रेस उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि भाजपा ने अमरजीत सिंह को उतारा है। युति टूटने से पहले यह सीट भाजपा कोटे की रही है। 25 साल बाद इस सीट से चुनाव लड़ शिवसेना ने बेस्ट कमेटी के अध्यक्ष रहे संजय पोतनीस को उम्मीदवारी दी है जबकि मनसे ने अपने पुराने उम्मीदवार चंद्रकांत मोरे को पुन: मौका दिया है। टिकट न मिलने से नाराज होकर पार्टी बदल कर मनसे से राकांपा में जाने वाले पूर्व नगरसेवक कप्तान मलिक को राकांपा ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
कांग्रेस तथा शिवसेना में ही मुख्य मुकाबला दिखाई दे रहा है। भाजपा, मनसे तथा राकांपा के उम्मीदवार मुकाबले को पंचकोणीय बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पिछली बार मुख्य मुकाबले में रही मनसे शिवसेना के मैदान में आ जाने से कमजोर दिखाई दे रही है। युति टूटने की वजह से यहां भाजपा घाटे में नजर आ रही है जबकि राकांपा की सारी उम्मीदें मुस्लिम वोटों पर टिकी हुई हैं।
इस इलाके मेंअधिकांश लोग झोपड़पट्टियों में रहते हैं। एयरपोर्ट के समीप स्थिति झोपड़ों के पुनर्वास का मसला लंबे समय से अटका हुआ है। 2005 में मुंबई में आई बाढ़ के लिए कारण बनी मीठी नदी भी इसी इलाके में है। मीठी नदी की सफाई और आसपास के लोगों का पुनर्वास भी एक मसला है, लेकिन इस चुनाव में ये सारे मुद्दे चुनावी शोर से गायब हैं। यहां चुनाव जात-पात व प्रांतवाद के इर्द-गिर्द घूम रहा है।