विवादित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट आजमाएंगे चुनाव में भाग्य
मुंबई। पुलिस सेवा से बर्खास्त मुंबई पुलिस के विवादित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट इंस्पेक्टर रहे प्रदीप शर्मा ने भी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। इन दिनों उनके बैनर-पोस्टर मुंबई के उपनगर अंधेरी में हर जगह दिखाई देते हैं। पिछले दिनों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मुंबई के आगमन के दौरान उन्हें भाजपाइयों के साथ देखा गया था।
सूत्रों के अनुसार शर्मा भाजपा में जाना चाहते हैं, लेकिन पार्टी उनकी विवादित छवि को देखते हुए फूंक-फूंक कर कदम उठाना चाहती है। शर्मा पर पुलिस सेवा में रहते माफिया दाऊद इब्राहिम के इशारे पर उसके विरोधी गैंग के लोगों को फर्जी मुठभेड़ में मारने का आरोप लगता रहा है।
1984 में बतौर सब इंस्पेक्टर महाराष्ट्र पुलिस सेवा में आने वाले शर्मा को लखन भैया फर्जी मुठभेड़ मामले में फंसने के बाद बर्खास्त कर दिया गया था। इस मामले में 2010 में शर्मा को गिरफ्तार किया गया था।
मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल के अनुसार शर्मा ने बिल्डर जनार्दन भानगे के कहने पर छोटा राजन गिरोह के लखन भैया को फर्जी मुठभेड़ में मार दिया था। शर्मा के भाजपा में आने के सवाल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस कहते हैं कि इस बारे में पार्टी के भीतर कोई चर्चा नहीं है।
शर्मा मूलरुरूप से उत्तार प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं। फडणवीस कहते हैं कि बड़ी संख्या में लोग हमारी पार्टी में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन हम इस मामले में सावधानी बरत रहे हैं। दरअसल, शर्मा जिस अंधेरी सीट से चुनाव लडऩा चाहते हैं, वह शिवसेना कोटे की सीट है। इसलिए शर्मा अभी तक खुल कर भाजपा या शिवसेना में से किसी एक दल के साथ नहीं हैं। यदि शिवसेना ने उन्हें अंधेरी से टिकट दिया तो वे भाजपाई बनने की बजाय शिवसैनिक बन जाएंगे। फिलहाल उनकी विवादित छवि शर्मा के राजनेता बनने के आड़े आ रही है।