Move to Jagran APP

कांग्रेस ने लगाया संयुक्त महाराष्ट्र का नारा

By Edited By: Published: Wed, 03 Sep 2014 02:36 AM (IST)Updated: Wed, 03 Sep 2014 02:15 AM (IST)
कांग्रेस ने लगाया संयुक्त महाराष्ट्र का नारा

मुंबई। संयुक्त महाराष्ट्र के शहीदों के स्मारक हुतात्मा चौक से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करने वाली कांग्रेस पार्टी ने संयुक्त महाराष्ट्र का नारा बुलंद किया है। ऐसा कर कांग्रेस ने अपरोक्ष रूप से अलग विदर्भ राज्य को लेकर असहमति जताई है। इससे विदर्भ के कांग्रेसी नेता नाराज हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महाराष्ट्र के टुकड़े नहीं होने देंगे। कांग्रेस ने सोमवार को विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत हुतात्मा चौक से की।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में चुनाव प्रचार की मशाल प्रज्जवलित की गई। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व चुनाव समन्वय समिति के अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने महाराष्ट्र को संयुक्त रखने की बात कही।

इस दौरान केंद्र की सत्ता से बेदखल कांग्रेसी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जी भरकर कोसा। पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने कहा कि महाराष्ट्र के टुकड़े नहीं होने देंगे। शहीदों की भावनाओं से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने भाजपा की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उनका छिपा एजेंडा है।

चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष नारायण राणे ने कहा कि संयुक्त महाराष्ट्र के लिए शहीदों ने अपनी जान गंवाई है इसलिए महाराष्ट्र के टुकड़े नहीं होने देंगे। इस दौरान महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे और चुनाव घोषणा पत्र प्रमुख सुशील कुमार शिंदे ने कार्यकर्ताओं में जोश भरने की पूरी कोशिश की। मंच से मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने प्रत्येक जिले के कांग्रेस अध्यक्ष को मशाल सौंपी ताकि मशाल को राज्य के कोने-कोने में घुमाकर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा जा सके।

मुख्यमंत्री चव्हाण ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और उन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की बात कही। चव्हाण ने देश के सामने गंभीर बिजली संकट पैदा होने की चेतावनी दी और इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

हुतात्मा चौक से चुनाव प्रचार का शुभारंभ विदर्भ के कांग्रेस नेताओं को रास नहीं आया। इसलिए विदर्भ के कांग्रेस नेता मुंबई में मौजूद होने के बावजूद इस कार्यक्रम से दूर रहे। नागपुर से विधायक व राज्य के रोजगार गारंटी मंत्री नितिन राऊत व कांग्रेस के पूर्व सांसद विलास मुत्तोमवार सोमवार को मुंबई में ही थे। लेकिन दोनों हुतात्मा चौक पर हुए पार्टी के इस कार्यक्रम में नहीं गए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.