विधान परिषद उपचुनाव कांग्रेस के मोहन जोशी वापस लेंगे नामांकन
मुंबई। विधान परिषद की एक सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस पीछे हट सकती है। राकांपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे के मैदान में आ जाने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार मोहन जोशी अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं। हालांकि अभी तक कांग्रेस के नेता इस बारे में खुल कर बोलने को तैयार नहीं है। लेकिन माना जा रहा है कि कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन वापस लेने को लेकर मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण दबाव में है। शिवसेना के विनायक राउत ने सांसद चुने जाने के बाद विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
इस सीट के लिए आगामी 21 अगस्त को उपचुनाव होने वाला है। इसमें शिवसेना-भाजपा ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। लेकिन सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन कांग्रेस उम्मीदवार मोहन जोशी के सामने प्रदेश राकांपा अध्यक्ष तटकरे ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया था।
संख्या के आधार पर कांग्रेस का पलड़ा भारी
288 सदस्यों वाली विधानसभा चुनाव में 277 लोग मतदान कर सकेंगे। सदस्यों के संख्या बल के लिहाज से कांग्रेस का पलड़ा भारी है। विधानसभा में कांग्रेस के 82 सदस्य हैं जबकि 10 निर्दलीय सदस्य भी कांग्रेस के साथ हैं। राकांपा के पास 62 विधायक हैं। राकांपा के पास भी 10 निर्दलीय विधायकों का समर्थन है।
कदम पीछे लेना जरूरी
कांग्रेस के एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि इस चुनाव में राकांपा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष को ही उतार दिया है। इसलिए राकांपा अपने प्रदेश अध्यक्ष को पीछे नहीं हटाएगी। ऐसी स्थिति में मतदान टालने के लिए कांग्रेस को ही अपने कदम पीछे लेने होंगे। इससे राकांपा ऐन विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस पर दबाव बनाने में सफल हो जाएगी। इसका पार्टी के कार्यकर्ताओं के मनोबल पर बुरा असर पड़ सकता है।