नाइजीरिया से लौटे व्यक्ति में इबोला जैसे लक्षण
मुंबई। पालघर जिले में भी इबोला जैसे लक्षण वाला एक मरीज मिला है। यह पश्चिम अफ्रीका के इबोला प्रभावित नाइजीरिया से लौटा है। फिलहाल एक सरकारी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में इसका इलाज चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पिछले हफ्ते ही इबोला वायरस के संबंध में चेतावनी जारी की है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सुरेश शेट्टी ने बताया कि पालघर जिले के वसई निवासी ललित कुछ दिन पहले लागोस से लौटे हैं।
उन्हें उल्टी की शिकायत थी। शेट्टी ने बताया कि इसलिए एहतियात के तौर पर उनका इलाज सरकारी अस्पताल में किया जा रहा है। कुमार को 13 दिन अस्पताल में हो चुके हैं। अभी 21 दिन और उनको निगरानी में रखा जाएगा। मरीज के खून का नमूना पुणे के वायरोलॉजी लैब में जांच के लिए भेजा गया है।
चेन्नई में सरकार ने साफ किया कि कुछ दिन पहले अफ्रीकी देश गिनी से लौटे पार्थिबन में इबोला के लक्षण नहीं मिले हैं। इस 26 साल के युवक को कुछ दिन निगरानी में रखने के बाद रविवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
स्पेन में मरीज पर दवा का परीक्षण
स्पेन सरकार ने इबोला के लक्षण वाले पादरी पर पर दवा के परीक्षण की इजाजत दे दी है। नाइजीरिया में 10 लोगों में इबोला के संक्रमण पाए गए हैं। ये सभी उस यात्री पैट्रिक सॉयर के संपर्क में आए थे जो 25 जुलाई को लागोस हवाई अड्डे पर उतरते ही बेहोश हो गया था। सॉयर की बाद में मृत्यु हो गई थी।