बिग बॉस में जाना है इसलिए मॉडल ने लगाए आरोप
मुंबई। महाराष्ट्र के आईपीएस सुनील पारसकर पर लगे दुष्कर्म के आरोपों के सिलसिले में मंगलवार को नया खुलासा हुआ। पीड़िता के पूर्व वकील रिजवान सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि मॉडल को रियलिटी शो बिग बॉस में जाना है। इसलिए पब्लिसिटी के लिए वह दुष्कर्म का आरोप लगा रही है। इस पर मॉडल ने दावा किया कि रिजवान झूठ बोल रहे हैं और उन्होंने पारसकर से हाथ मिला लिया है।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रिजवान से सोमवार को चार घंटे पूछताछ की। इस दौरान रिजवान ने पुलिस को व्हाट्सएप और एसएमएस पर मिले मॉडल के मैसेज पुलिस को सौंपे। उन्होंने कहा, 'इन संदेशों से साफ है कि उसने डीआईजी पारसकर को फंसाने के लिए केस किया है।
जब मुझे पता चला कि मॉडल मेरे नाम और रेपुटेशन का दुरुपयोग कर रही है तो मैंने पीछे हटने का फैसला किया। मैंने सीसीटीवी सबूत और अपना बयान पुलिस को दे दिया है।' मुंबई की एक मॉडल ने पारसकर पर दुष्कर्म व छेड़छाड़ की शिकायत की थी।
इसके बाद 23 जुलाई को मलवानी पुलिस थाने में पारसकर के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। हाल ही में शिवसेना ने मुखपत्र सामना में लिखा था कि सुर्खियों में रहने के लिए यौन शोषण का आरोप लगाना फैशन बन गया है। जांच पूरी होने तक मीडिया ट्रायल नहीं होना चाहिए।