कांग्रेस नहीं छोडेंगे नारायण राणे, वापस लिया इस्तीफा
मुंबई। पिछले कई दिनों से कांग्रेस पार्टी छोड़कर नई पार्टी बनाने की खबरों पर मंगलवार को कांग्रेस के दिग्गज नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व उद्योग मंत्री नारायण राणे ने विराम लगा दिया। मुंबई में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में नारायण राणे ने महाराष्ट्र मंत्रिमंडल को दिया अपना इस्तीफा वापस लेते हुए कहा कि वह पार्टी नहीं छोड़ने वाले। वह पार्टी में रहकर आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का हाथ मजबूत करेंगे।
आज सुबह से ही नारायण राणे द्वारा कांग्रेस छोड़ अपनी नई पार्टी का ऐलान की खबर आ रही थी। मुंबई में दोपहर 2 बजे राणे प्रेस कांफ्रेंस करने वाले थे। लेकिन 2 बजे की जगह शाम पांच बजे एक प्रेस कांफ्रेंस कर उन्होंने अपना रुख स्पष्ट किया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले राणे ने कांग्रेस से नाराज होकर मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। तभी से राणे द्वारा कांग्रेस छोड़ने की अटकले लगाई जा रही थीं।
राणे का महाराष्ट्र के कोंकण इलाके में अच्छा दबदबा है। इस्तीफा देने से पहले राणे ने कोंकण के 8 जिलों में भ्रमण कर जनता को अपनी रणनीति बताई थी।