आरटीओ भ्रष्टाचार में लिप्त: गडकरी
मुंबई। केंद्रीय सड़क व राजमार्ग परिवहन मंत्री नितीन गडकरी का मानना है कि राज्य का आरटीओ भ्रष्टाचार में लिप्त है। आरटीओ को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने गडकरी ने नई परिवहन प्रणाली पर अमल करने की बात कही है।
साथ ही उन्होंने नया कानून बनाने का भी ऐलान किया है। गडकरी मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशिष शेलार के विधान परिषद में दिए गए भाषणों की संकलन पुस्तिका के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरटीओ विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार चल रहा है।
आनेवाले कुछ वर्षो में हम इस भ्रष्टाचार को खत्म करके रहेंगे। इसके लिए एक नई परिवहन प्रणाली बनाई जाएगी। साथ ही भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने के लिए नया कानून भी लाया जाएगा। गडकरी के मुताबिक मुंबई के विकास के लिए 1500 करोड़ रुपए उपलब्ध कराने वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि समुद्र में ब्रिज बनाने के बजाए नई तकनीक का इस्तेमाल कर सागर के अंदर परिवहन योजना का निर्माण करने की मेरी इच्छा है। पर्यावरण सुरक्षा और महानगर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए बैटरी से चलनेवाले बस और वाहनों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
गडकरी ने कहा कि गंगा सफाई योजना की तर्ज पर समुद्र का पानी उपयोग में लाने के लिए जलशुद्धिकरण प्रणाली पर विचार करने की जरूरत है। इस अवसर पर विधान परिषद में विपक्ष के नेता विनोद तावड़े सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।