ईवीएम में खराबी, कांग्रेस को ही जा रहे थे वोट
मुंबई, सिंधुदुर्ग [महाराष्ट्र]। महाराष्ट्र में मतदान के दौरान दो ईवीएम में एक समान शिकायतें मिलीं। इनमें कोई भी बटन दबाने पर वोट कांग्रेस को जा रहे थे। नाराज मतदाताओं ने वोटिंग का बहिष्कार किया। इसके बाद चुनाव अधिकारियों ने ईवीएम बदले। बता दें कि पूर्व में ईवीएम में जांच के दौरान इस तरह की शिकायत सामने आ चुकी हैं।
गुरुवार को महाराष्ट्र की 19 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहे थे। इसी क्रम में सिंधुदुर्ग जिले के पाडवे-मझगांव गांव के लोग पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पाया कि ईवीएम में कोई भी बटन दबाओ, बत्ती कांग्रेस की ही जल रही है। इससे नाराज ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। चुनाव अफसरों द्वारा ईवीएम बदलने के बाद ही यहां मतदान दोबारा शुरू हो सका। कम से कम 68 मतदाताओं ने गलत जगह वोट पड़ने की शिकायत की है। रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग क्षेत्र से कांग्रेस के नीलेश राणे चुनाव मैदान में हैं। दूसरी घटना पुणे शहर की है। यहां के मतदाताओं ने भी सभी वोट कांग्रेस के खाते में जाने की शिकायत की। मतदाताओं की शिकायत पर चुनाव अधिकारियों ने वोटिंग रोककर तुरंत ईवीएम बदली। यहां से कांग्रेस के विश्वजीत कदम चुनाव मैदान में हैं।