Move to Jagran APP

चव्हाण बोले, मोदी से देश पर तानाशाही का खतरा

By Edited By: Published: Mon, 14 Apr 2014 01:28 AM (IST)Updated: Mon, 14 Apr 2014 01:11 AM (IST)
चव्हाण बोले, मोदी से देश पर तानाशाही का खतरा

मुंबई। नरेंद्र मोदी पर भाजपा को पूरी तरह हाइजैक करने का आरोप लगाते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि अगर भगवा पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को आगे बढ़ने की छूट दी जाती रही तो देश के सामने एक व्यक्ति आधारित तानाशाही का खतरा मंडराता रहेगा। यह अलग बात है कि मोदी पर हमलावर चह्वाण साक्षात्कार में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर कुछ भी कहने से साफ बचते दिखाई दिए।

loksabha election banner

उन्होंने कहा कि मोदी के बारे में बात करने के लिए कांग्रेस मजबूर है, क्योंकि पार्टी को लगता है कि अपने तानाशाही रवैये के कारण वह एक खतरनाक व्यक्ति हैं। चव्हाण ने कहा,'जैसे उन्होंने पूरी भाजपा को हाइजैक कर लिया है। जैसे उन्होंने रातोंरात पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व को किनारे किया। और जैसे वह खुद और अमित शाह के साथ पार्टी में एक व्यक्ति या दो व्यक्ति आधारित कार्य कर रहे हैं, उसका खतरा हम लोग देख चुके हैं।'

उन्होंने कहा कि इसलिए अगर एक व्यक्ति भाजपा में एक व्यक्ति आधारित राजनीति ला सकता है तो आगे देश के शासन में भी उसके एक व्यक्ति आधारित राजनीति की शुरुआत करने का खतरा बरकरार रहेगा।

चव्हाण ने कहा कि इसलिए हम एक व्यक्ति के खतरे से देश को आगाह कर रहे हैं, जैसा कि गुजरात दंगों के समय उन्होंने क्या रवैया अपनाया था और कैसे अपने निजी फायदे के लिए पुलिस की ताकत का इस्तेमाल किया था।

इसके अलावा चव्हाण ने पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बारे में कहा कि उन्हें नहीं पता कि अगर 2009 चुनावों के बाद राहुल गांधी सरकार में आते तो इसका कोई फायदा इन लोक सभा चुनावों में पार्टी को मिलता। इस संबंध में सवाल पूछे जाने पर चव्हाण ने कहा,'कुछ लोगों को लगता है कि सरकार में रहने का अनुभव जरूरी है। जबकि एक अन्य पक्ष यह है कि राहुल ने हमेशा पार्टी संगठन को मजबूत करने की बात की है। वह देश को बेहद करीब से जानना चाहते हैं। उन्होंने देश का कोना-कोना घूमा है। इसलिए दो पक्ष हैं। दोनों के अपने फायदे हैं। मुझे नहीं पता कि इनमें से कौन अधिक बेहतर होता।' याद रहे कि केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने कहा था कि अगर राहुल गांधी 2009 के बाद संप्रग सरकार में आ गए होते तो पार्टी पर इसका गहरा असर होता।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.