शीतलहर में जकड़ा प्रदेश
उत्तर से आ रही सर्द हवा से प्रदेश कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। राजधानी समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। गुना में पारा सबसे कम 3.4 डिग्री और रायसेन में 4.8 डिग्री रहा।
भोपाल। उत्तर से आ रही सर्द हवा से प्रदेश कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। राजधानी समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। गुना में पारा सबसे कम 3.4 डिग्री और रायसेन में 4.8 डिग्री रहा।
भोपाल में 48 घंटे में रात का तापमान 8 डिग्री नीचे लुढ़ककर 6 डिग्री पर पहुंच गया। दिन में धूप निकली, लेकिन पारा बढ़ नहीं सका। राजधानी में दिन का तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। शाम ढलते ही शहर फिर कंपकंपा देने वाली सर्दी की चपेट में आ गया। मौसम केंद्र ने प्रदेश में कई जगह पाला पड़ने की चेतावनी दी है।
आज भी शीतलहर के आसार
मौसम केंद्र के डायरेक्टर डॉ. अनुपम काश्यपि के मुताबिक शु़क्रवार को मौसम शुष्क रहेगा। शीतलहर चलने का अनुमान है। शुक्रवार को भी रात का तापमान 6 और दिन का तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है। चंबल व रीवा संभाग, ग्वालियर, दतिया, छतरपुर, पन्ना और नीमच जिलों में कोल्ड डे हो सकता है।