कल सरकारी दफ्तरों में ठप रहेगा कामकाज
भोपाल [नप्र]। सरकारी कर्मचारियों की एक दिन की हड़ताल के चलते मंगलवार को प्रदेशभर में दफ्तरों में कामकाज ठप रहेगा। हड़ताल का आह्वान मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने किया है। इसमें 5 लाख कर्मचारियों के शामिल होने की उम्मीद है। कर्मचारियों से अवकाश फार्म भरवाने का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार शाम तक कर्मचारियों से फार्म भरवाकर विभाग प्रमुख को दे दिए जाएंगे।
समयमान वेतनमान और नियमितीकरण सहित कई मांगों को लेकर कर्मचारी मंगलवार को एक दिन की हड़ताल तो कर रहे हैं, लेकिन राजधानी में कहीं प्रदर्शन या धरना नहीं दिया जाएगा। कर्मचारी छुट्टी पर रहकर हड़ताल करेंगे। संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने दावा किया है कि राजधानी में 70 फीसद नियमित कर्मचारियों ने छुट्टी के आवेदन भर दिए हैं, प्रदेश में यह संख्या 3.50 लाख से ज्यादा हो गई है। उन्होंने बताया कि जिलों में कलेक्टोरेट के सामने प्रदर्शन और सभाएं होंगी। जबकि भोपाल में ऐसा कार्यक्रम नहीं होगा।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को सरकार कृषि महोत्सव मना रही है। कर्मचारियों ने दावा किया है कि हड़ताल की वजह से यह आयोजन प्रभावित होगा।
ये सेवाएं प्रभावित होंगी
आंदोलित कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को हड़ताल से बाहर रखा है। इसके अलावा तमाम सरकारी सेवाएं मंगलवार को प्रभावित रहेंगी। इनमें सरकारी स्कूल, तहसील, विकास खंड, जिला पंचायत आदि कार्यालयों में कामकाज नहीं होगा। राजधानी में सतपुड़ा एवं विंध्याचल भवन, लोक शिक्षण संचालनालय, आदिवासी विकास आयुक्त कार्यालय, तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों में काम नहीं होगा।
कर्मचारियों की मांगें
वेतनमान 5000-8000 एवं 5500-9000 में ग्रेड-पे 4200 रुपए और तीसरा समयमान वेतनमान 28 साल में दिया जाए। 7 फीसद महंगाई भत्ता एक जुलाई 2014 से दिया जाए। दैवेभो एवं संविदा कर्मचारियों को नियमित करें। वेतनवृद्धि की तारीख एक जनवरी एवं एक जुलाई किया जाए। अध्यापकों को समान कार्य-समान वेतन देने आदि 20 मांगें।
मंत्रालय के सामने प्रदर्शन आज
स्वास्थ्य कर्मचारी सोमवार को मंत्रालय के सामने प्रदर्शन करेंगे। फार्मेसी काउंसिल में कंपाउंडर का रजिस्ट्रेशन, वेतन विसंगति और नाइट अलाउंस जैसी 12 मांगों को लेकर स्वास्थ्य कर्मचारी आंदोलित हैं। मप्र हेल्थ एंड मेडिकल एजूकेशन एम्प्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह कौरव ने प्रदर्शन में एक हजार कर्मचारियों के शामिल होने का दावा किया है। हर स्तर की मांग को लेकर विभाग के कर्मचारियों ने 'मप्र स्वास्थ्य कर्मचारी संयुक्त मोर्चा' गठित किया है। जिसके बैनरतले सोमवार को प्रदर्शन किया जा रहा है। फिलहाल कर्मचारी कालीपट्टी बांधकर काम कर रहे हैं और मांगों का निराकरण न होने पर 13 अक्टूबर से हड़ताल शुरू कर देंगे।