बर्खास्त आईएएस जोशी दंपति के खिलाफ लुकआउट नोटिस
भोपाल [ब्यूरो]। भ्रष्टाचार मामले में बर्खास्त आईएएस अफसर दंपति अरविंद व टीनू जोशी के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। इमिग्रेशन अथॉरिटी ने लोकायुक्त की मांग पर एक साल के लिए नोटिस जारी किया है। ये कदम दोनों के विदेश भागने की आशंका के मद्देनजर उठाए गए हैं। 22 सितंबर को कोर्ट में मामले की फिर सुनवाई होगी।
भोपाल की विशेष अदालत ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान अरविंद जोशी व टीनू जोशी के अलावा आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की मियाद 22 सितंबर तक बढ़ा दी है।
लोकायुक्त पुलिस दोनों की तलाश में दिल्ली, गाजियाबाद, रायसेन सहित अन्य स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन उन्हें अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। लोकायुक्त के अधिकारियों ने बताया कि लुकआउट नोटिस जारी होने से किसी भी एयरपोर्ट पर दोनों के नजर आते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।