मध्य प्रदेश से मेघराज जैन जाएंगे राज्यसभा
भोपाल [ब्यूरो]। मध्य प्रदेश से रिक्त हुई राज्यसभा की सीट पर भाजपा ने वरिष्ठ भाजपा नेता मेघराज जैन की उम्मीदवारी का ऐलान किया है। मप्र मेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जैन संसद के उच्च सदन में दूसरी बार जाएंगे, उनका पिछला कार्यकाल करीब 11 महीने का ही रहा था। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति से फैसला किया गया।
जैन 11 सितंबर को नामांकन जमा करेंगे। संघ और प्रदेश के नेताओं ने जैन के नाम की अनुशंसा की थी। हरियाणा में राज्यपाल बनाए गए कप्तान सिंह सोलंकी के इस्तीफे से रिक्त हुई इस सीट पर वरिष्ठ भाजपा नेता ओम माथुर और राम माधव के नाम की भी चर्चा थी, लेकिन मप्र से राज्यसभा में पहले ही तीन बाहरी नेता प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसलिए भाजपा हाईकमान ने संघ के करीबी जैन के नाम को हरी झंडी दे दी। मंडला से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद फग्गन सिंह कुलस्ते भी राज्यसभा से इस्तीफा दे चुके हैं। उनके स्थान पर भाजपा केंद्रीय मंत्री प्रकाश जाव़़डेकर को मनोनीत कर चुकी है। उनके अलावा चंदन मित्रा और केंद्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला भी मप्र से उच्च सदन में प्रतिनिधित्व करते हैं। पिछले कार्यकाल में मेघराज जैन को महज 11 महीने का कार्यकाल ही मिल पाया था। इसलिए इस बार तय किया गया कि कप्तान सिंह सोलंकी का बचा कार्यकाल जैन को दे दिया जाए। जैन अभी मप्र मेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष हैं। इसके पहले पार्टी ने उन्हें गौ संवर्धन बोर्ड का अध्यक्ष भी बनाया था।