भूखे-प्यासे यात्रियों ने लूटी पेंट्रीकार
जबलपुर। सूरत से पटना जा रही प्रीमियम ट्रेन में भूखे-प्यासे यात्रियों ने मंगलवार रात आठ बजे छत्तीसगढ़ के नरसिंहपुर स्टेशन पर ट्रेन के पेंट्रीकार को लूट लिया। इससे खान-पान सेवा के कर्मचारी दहशत में आ गए। सुरक्षाकर्मी भी सहमे रहे। यात्रियों और पेंट्रीकार कर्मचारियों ने जीआरपी में मौखिक शिकायत की है।
यात्रियों ने बताया कि वे सुबह छह बजे ट्रेन में सवार हुए थे। प्रीमियम ट्रेन होने के कारण उसमें खाना, पानी, चाय-नाश्ते की मुफ्त सुविधा थी। लिहाजा किसी ने अपने साथ खाने-पीने के लिए कोई सामान नहीं रखा था। सुबह 8 बजे सभी को एक-एक पानी की बोतल व 10 बजे नाश्ते में आटे का हलुआ और चाय दी थी। हलुआ खाने लायक नहीं था। खाने में दो रोटी, एक कटोरी चावल और दाल दी गई। चावल सड़ा हुआ था। इसकी शिकायत कर्मचारियों से की गई, तो उन्होंने बासमती की खुशबू बताया। रात करीब आठ बजे जब बच्चे, वृद्ध व महिलाएं भूख प्यास से हलकान हो गए, तो कुछ लोग कर्मचारियों के पास पहुंचे और उनसे खाना और पानी की बोतल देने को कहा। लेकिन उन्होंने मना कर दिया।