Move to Jagran APP

मथुरा में फर्जी मतदान को लेकर गोलियां चली, छह घायल

लोकसभा के महासमर में निर्णायक भूमिका अदा करने वाले उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 12 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। सुबह 11 बजे तक कन्नौज में सबसे ज्यादा 31 फीसद मतदान पड़ चुके हैं।

By Edited By: Published: Thu, 24 Apr 2014 08:52 AM (IST)Updated: Thu, 24 Apr 2014 02:56 PM (IST)
मथुरा में फर्जी मतदान को लेकर गोलियां चली, छह घायल
मथुरा में फर्जी मतदान को लेकर गोलियां चली, छह घायल

लखनऊ। केंद्रीय निर्वाचन आयोग के भयमुक्त चुनाव कराने के दावे को मथुरा में आज झटका लग गया। यहां फर्जी मतदान को लेकर भाजपा तथा रालोद के समर्थकों के बीच गोली चलने से छह लोग घायल है। गोली चलने की सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की जांच में लगी है।

loksabha election banner

मथुरा के बलदेव क्षेत्र के दौलतपुर गांव में फर्जी वोटिंग को लेकर भाजपा तथा राष्ट्रीय लोकदल के समर्थकों के बीच कई राउंड गोलियां चलीं। इस गोलीबारी में छह लोग घायल हो गए हैं। गोलीबारी की घटना जाटों के बीच ही हुई।

इसके अलावा आगरा, मथुरा तथा मैनपुरी के कुछ मतदान केंद्रों पर लोगों ने विकास कार्य न होने के कारण मतदान का बहिष्कार किया। मतदान शुरू होने के थोड़ी देर बाद ही कई केंद्रों में इवीएम खराब हो गई जिससे वहां मतदान बाधित रहा।आगरा के बाह में गांव गुडा के लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया है। ग्रामीणों को मनाने के लिए प्रशासन मौके पर पहुंचा लेकिन ग्रामीण अड़े। मथुरा के बलदेव, गोवर्धन और फरह क्षेत्रों में मतदाताओं ने मतदान का बहिष्कार किया। गोवर्धन के मुडेरा में सड़क न होने के कारण लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया और दोपहर 1:30 बजे तक मतदान शुरु नहीं हो सका था। नौ झील के मुक्खा मरैला में ट्रांसफार्मर को लगवाने को लेकर भाजपा व रालोद नेता आपस में भिड़े।

एक बजे तक जागे इटावा के मतदाता

लोकसभा महासमर में उत्तर प्रदेश के तीसरे चरण के मतदान में आज दिन में एक बजे तक इटावा के मतदाताओं ने गजब का उत्साह दिखाया। जहां एक बजे तक सिर्फ दस प्रतिशत मत पड़े थे वहीं एक बजे तक प्रतिशत करीब 32 तक पहुंच गया।

एक बजे तक भी डिंपल यादव के क्षेत्र कन्नौज का जलवा कायम था। यहां पर 40.35 प्रतिशत मत पड़े थे। सर्वाधिक 43.23 प्रतिशत मत आगरा में पड़ चुके हैं। इसके अलावा फिरोजाबाद में 42, फतेहपुर सीकरी में 40.34, मथुरा में 41, फर्रुखाबाद में 39.38, हरदोई में 34.58, अकबरपुर में 35.05, एटा में 34, मैनपुरी में 36, हाथरस में 36.20 तथा इटावा में 31.75 प्रतिशत मत पड़े हैं।

आज मथुरा, फिरोजाबाद, आगरा [सुरक्षित], हाथरस [सुरक्षित], फतेहपुर सीकरी, एटा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, इटावा [सुरक्षित], अकबरपुर और हरदोई [सुरक्षित] सीटों पर मतदान जारी है। तीसरे चरण की 12 सीटों पर कुल 188 उम्मीदवार हैं जिनमें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और सिने तारिका हेमा मालिनी सहित 20 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। सर्वाधिक 28 प्रत्याशी फतेहपुर सीकरी और सबसे कम नौ हाथरस में हैं। आगरा में सबसे अधिक 1814756 मतदाता और एटा में सबसे कम 1577457 मतदाता हैं।

आज जिन प्रमुख प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है उनमें मैनपुरी से सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, कन्नौज से उनकी बहू डिंपल यादव, फर्रुखाबाद से विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, फतेहपुर सीकरी से रालोद के अमर सिंह, मथुरा से भाजपा की हेमा मालिनी और रालोद के जयंत चौधरी, एटा से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र और भाजपा प्रत्याशी राजबीर सिंह तथा फिरोजाबाद से सपा महासचिव रामगोपाल यादव के पुत्र अक्षय यादव शामिल हैं।

15 जिलों में फैली इन 12 सीटों पर निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान कराए जाने पर भाजपा, बसपा और कांग्रेस ने पहले ही अपना संदेह जाहिर कर दिया है। बताया जाता है भारत के उप निर्वाचन आयुक्त विनोद जुत्शी ने 18 अप्रैल को की गयी समीक्षा के बाद अर्ध सैनिक बलों की देखरेख में प्रदेश में मतदान कराने को कहा है। डीआइजी लोक शिकायत प्रकोष्ठ सतीश गणेश ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए है। इन सभी सीटों के तहत आने वाले संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित हैं और इन पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए जाने के दावे किए गए हैं और ऐसे में सभी की निगाहें इस पर लगी होंगी कि क्या दावे हकीकत की कसौटी पर खरे उतरेंगे।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने बताया कि चुनाव संपन्न कराने के लिए 109898 मतदान कर्मियों की तैनाती की गयी है। तीसरे चरण में कुल 21946 मतदान केंद्र है जिनमें से 4757 क्रिटिकल की श्रेणी में रखे गए हैं। मतदान के लिए 53777 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। निगरानी के लिए 3298 डिजिटल कैमरे और 1198 वीडियो कैमरे लगाए है और 504 मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा 1951 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 251 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 208 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

2009 के चुनाव में मतदान प्रतिशत

क्षेत्र -- प्रतिशत

1.हाथरस(अजा)- 45.12

2.मथुरा - 54.14

3.आगरा(अजा)- 42.02

4.फतेहपुर सीकरी- 51.56

5.फिरोजाबाद - 48.15

6.मैनपुरी - 49.67

7.एटा - 44.41

8.हरदोई(अजा) - 40.55

9.फर्रुखाबाद - 46.77

10.इटावा(अजा)- 45.02

11.कन्नौज - 49.32

12.अकबरपुर - 43.61

पढ़ें: उप्र: तीसरे चरण के मतदान में होगा इनके भाग्य का फैसला

पढ़ें: समय सीमा के बाद प्रचार पर सलमान के खिलाफ मुकदमा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.