डरने की नहीं है जरूरत, घर पर ही ऐसे बनाएं नेचुरल रंग और जमकर खेलें होली
अगर कैमिकल रंगों से लगता है डर तो इस बार घर पर ही बना लें नेचुरल रंग। इससे किसी भी तरह का नुकसान नहीं होगा और जमकर होली भी खेल पाएंगे।
कहते हैं होली के दिन अगर एक दूसरे को रंग नहीं लगाया तो क्या किया, मगर समय के साथ लोग खुद को रंगों से दूर करने लगे हैं। बाजार के रंगों में मिलावट होती है और इससे कहीं त्वचा ना खराब हो जाए, इस डर से ज्यादातर लोग होली वाले दिन बाहर निकलते ही नहीं, कई लोगों को रंगों से एलर्जी होती है। इसलिए वो खुलकर होली इंज्वॉय ही नहीं कर पाते, अब ऐसे में इस तरह के लोगों के लिए एक उपाय है, वे घर पर ही प्राकृतिक रंग बना लें। इससे किसी भी तरह का नुकसान नहीं होगा और वे जमकर होली खेल पाएंगे। तो आइए बताते हैं कि लाल-पीले, हरे-नीले जैसे रंग-बिरंगे रंगों को घर पर ही कैसे बनाया जा सकता है-
लाल रंग
कहते हैं अगर किसी को पूरी तरह से रंगना है तो लाल रंग का इस्तेमाल करो, क्योंकि ये गाढ़ा होता है और इस वजह से इस रंग से लोगों को डर भी लगता है। मगर घर पर बने लाल रंग से कोई होली खेले तो फिर डर छूमंतर हो जाता है। आप लाल गुलाब या फिर किसी अन्य लाल रंग के फूल को सूखाकर लाल रंग बना सकते हैं। इसके अलावा लाल चंदन (रक्त चंदन) पावडर को भी गुलाल की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। यह त्वचा पर कोई बुरा प्रभाव नहीं डालता। अनार के छिलको को उबालने से भी लाल रंग प्राप्त हो सकता है।
पीला रंग
पीला रंग घर पर सबसे आसानी से बनाया जा सकता है। प्राकृतिक पीला रंग बनाने के लिए बेसन और हल्दी दोनों को अच्छी तरह मिलाएं। बेसन की जगह आटा या मुल्तानी मिट्टी का भी उपयोग किया जा सकता है। बस याद रखें बेसन या आटा अच्छी क्वालिटी का ही होना चाहिए।
हरा रंग
लाल रंग की तरह हरे रंग से भी लोगों को डर लगता है, मगर घर पर हरा रंग बनाना भी बेहद आसान है। इसके लिए मेंहदी पावडर को आटे में मिलाइए या फिर हल्दी में नील मिलाने से भी हरा रंग बन जाता है और यह त्वचा के लिए बिलकुल भी हानिकारक नहीं होता।
नीला रंग
नीला रंग बनाने के लिए नील का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर कहीं से नीला गुडहल का फूल मिल जाए तो यह वाकई सोने पर सुहागा साबित होगा।
गुलाबी रंग
गुलाबी रंग चाहिए तो चुकंदर का प्रयोग सबसे सस्ता और बेहतरीन माना जाता है। सुनहरा गुलाबी रंग बनाने के लिए चुकंदर को पानी में डालकर खूब उबालना चाहिए। कुछ देर बाद आपको गुलाबी रंग मिल जाएगा। इसे आप होली के दिन दोस्तों पर फेंक कर आनंद उठा सकते हैं। अगर इसका पेस्ट बनाना है तो इसे चन्दन पावडर में मिला लीजिए।
बैंगनी रंग
बैंगनी रंग के लिए जामुन के बीजों को पानी में उबालें। काला या गहरा रंग पाना हो तो चाय या कॉफी को उबालकर ठंडा कर लें या काले जामुन को पीसकर पानी में मिला लें।
केसरिया रंग
प्राकृतिक संतरी या केसरिया रंग बनाने की विधि भी आसान है। संतरे के छिलको या गेंदों के फूलों को धूप में सूखा कर संतरी रंग प्राप्त किया जा सकता है। सुगंधित केसरिया रंग पाने के लिए केसर को कुछ देर तक पानी में उबालना चाहिए।
होली पर अगर रखेंगे ये सावधानियां तो नहीं पड़ेगा रंग में भंग, मजा भी हो जाएगा दोगुना