संदेश
कितने लोगों के लिए : 6
सामग्री :
फूल क्रीम मिल्क - 1 लीटर, नींबू - 2, पाउडर चीनी - 1/3 कप (50 ग्राम), इलायची - 5, केसर - 20-25 धागे, पिस्ते - 10 - 12।
विधि :
दूध को किसी भारी तले वाले बर्तन में डाल कर गरम कीजिये। दूध में उबाल आने के बाद, दूध को गैस से उतार लीजिये, दूध को हल्का सा ठंडा होने दीजिये। नींबू के रस में थोडा़ सा पानी मिला दीजिए और दूध के हल्का सा ठंडा होने पर इसमें थोड़ा थोड़ा नींबू का रस डालते हुये चमचे से चलाइये, दूध जब पूरा फट जाय, दूध में छैना और पानी अलग दिखाई देने लगे तो नींबू का रस डालना बन्द कर दीजिये।
छैना को कपड़े में छानिये और ऊपर से ठंडा पानी डाल दीजिये ताकि नींबू का स्वाद छैना में न रहे। कपड़े को चारों ओर से उठाकर हाथ से दबा कर अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये। संदेश बनाने के लिये छैना तैयार है।
छैना को किसी थाली में निकाल लीजिये और 5-6 मिनट छैना को मसल-मसल कर चिकना कर लीजिये। इलायची को कूट कर पाउडर बना लीजिए। पिस्तों को पतला-पतला कतर लीजिए। अब छैना में केसर और पाउडर चीनी डालकर अच्छे से 2-3 मिनट तक मिक्स कर लीजिए। नॉन स्टिक पैन लीजिए इसे गैस पर रख कर इसमें छैना को डालकर एकदम धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए 3-4 मिनट तक भून लीजिए।
गैस बंद कर दीजिए और छैना को प्लेट में निकाल लीजिए। छैना को थोडा़ ठंडा होने दीजिए और हल्का ठंडा हो जाने पर इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर लीजिए। अब इस छैना से थोड़ा सा मिश्रण निकालिये, गोल और चपटा करके प्लेट में रखिये। इसी तरह थोडा़-थोड़ा मिश्रण निकालकर, छोटे-छोटे गोले बना कर प्लेट में रख लीजिये। बारीक कटे हुए पिस्तों को इन संदेश के ऊपर लगाकर इनकी गार्निश कर दीजिए स्वादिष्ट संदेश बनकर तैयार हैं।