लेखिका बनना चाहती हैं रिया शर्मा
नई दिल्ली। सीबीएसई की बारहवीं की परीक्षा में राजधानी में तीसरा स्थान हासिल करने वाली रिया शर्मा लेखिका बनना चाहती हैं। 97.6 फीसद अंक प्राप्त करने वाली रिया दिल्ली के पश्चिमी विहार में रहती हैं। शिक्षिका मां से प्रभावित रिया को अंग्रेजी उपन्यास पढने का शौक है, जिसमें खालिद महमूद के उपन्यास सबसे अधिक पसंद हैं। रिया की मां सुष्मिता शर्मा श्याम लाल कॉलेज में अंग्रेजी की अध्यापिका हैं और पिता संजय शर्मा वित्त मंत्रालय में डिप्टी डायरेक्टर हैं।
राजनीति विज्ञान व समाज शास्त्र में 100, अंग्रेजी में 93, सामाजिक विज्ञान में 98 व चित्रकारी में 97 अंक प्राप्त करने वाली रिया के अनुसार परीक्षा की तैयारी के दौरान जब रिलैक्स करने का मन होता तो वह कहानी की किताबें पढने में लगती थी। रिया को पेंटिंग बनाना पसंद है। रिया की मां सुष्मिता कहती हैं कि करियर के चुनाव में वह बेटी पर दबाव नहीं डालेंगी।
जागरण संवाददाता