डायन के संदेह में धारदार हथियार से महिला की हत्या
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : एक बार फिर एक महिला अंधविश्वास की बलि चढ़ गई। पश्चिम सिंहभूम के जेट
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : एक बार फिर एक महिला अंधविश्वास की बलि चढ़ गई। पश्चिम सिंहभूम के जेटेया हाटसाई में धारदार हथियार से 46 वर्ष महिला नंदनी तिरिया उर्फ चिरलू की हत्या कर दी गई है। क्रूरता की सारी हद पार करते हुए हत्यारे ने बेसहारा महिला के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर धारदार हथियार से कई वार किया है। घटना को अंजाम देने के बाद मौका-ए-वारदात पर घर की दीवार के अलग-अलग हिस्सों पर हत्यारे ने पंजे का निशान लगाकर दहशत फैलाने का प्रयास किया है। मौके पर पहुंची जेटेया थाने की पुलिस ने घटनास्थल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। गांव के प्रभारी मुंडा चंद्रमोहन तिरिया के बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मुंडा चंद्र मोहन तिरिया ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि नंदनी तिरिया घर में अकेले रहती थी। वह जेटेया साप्ताहिक बाजार में हड़िया बेचकर गुजारा करती थी। बचपन में ही उसके सिर से माता-पिता का साया उठ गया था। नंदनी के बड़े भाई सोनाराम तिरिया की भी 20 साल पहले मौत हो गई और सोनाराम की पत्नी माइके में रहती है। नंदनी का भतीजा दुलाल तिरिया चेन्नई में मजदूरी करता है। बताया गया कि गांव की मिनी पुरती बुधवार की रात लगभग 10 बजे बारिश के दौरान हड़िया खरीदने नंदनी के घर गई तो घर के बाहर नंदनी का शव देखकर लौट गई। मिनी ने घटना की खबर गुरुवार को स्थानीय मुंडा चंद्रमोहन तिरिया व ग्रामीण डाकुवा बलिराम लागुरी को दी। जिसके बाद दोनों हकीकत जानने के लिए घटनास्थल पहुंचे। मामला सही होने पर जेटेया थाने के थाना प्रभारी को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंचे एएसआई सुरेंद्र यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला धारदार हथियार से हत्या का लग रहा है। महिला के गले, सिर व कंधे पर हथियार से वार किया गया है। इसके निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। शव को देखने से ऐसा लगता है कि महिला रात को टॉर्च लेकर घर से बाहर निकली थी और चटाई लेकर कमरे में प्रवेश करने के दौरान घात लगाकर उसपर वार किया गया है। शव के समीप से टॉर्च व चटाई बरामद की गई है। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे ने अपने हाथ पर लगे खून से दीवार पर पंजे का निशान लगा दिया है। पुलिस संदेह व्यक्त कर रही है कि घटना मंगलवार देर रात की है। पुलिस ने दावा किया है कि अब तक की जांच में मामला डायन हत्या का लग रहा है। बताया कि जेटेया गांव में डायन हत्या की घटना यह कोई पहली नहीं है। इसके पहले भी गांव में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।