अपने घरों में करें शौचालय का निर्माण
जासं, सिमडेगा : ग्लोबल सैनिटेशन फंड के सहयोग से शुक्रवार को नवभारत जागृति केंद्र के तत्वावधान में सद
जासं, सिमडेगा : ग्लोबल सैनिटेशन फंड के सहयोग से शुक्रवार को नवभारत जागृति केंद्र के तत्वावधान में सदर प्रखंड के कुल्लूकेरा दियापत्थर में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान संस्था के अधिकारियों ने ग्रामीणों के सहयोग से पत्थर ग्राम का मानचित्र बनाकर गांव में पाए जाने वाले विभिन्न संसाधनों को चित्रों के माध्यम से दिखाया। साथ ही, मानचित्र में वैसे जगहों को भी दर्शाया गया जहां ग्रामीण कूड़ा-करकट फेंकते हैं व लोग शौच करते हैं। इससे होने वाले दुष्परिणाम के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए ग्रामीणों को संस्था के स्वच्छता मित्र अशोक कुमार ने ग्रामीणों को बताया कि खुले में शौच करने से मक्खी के माध्यम गंदगी हमारे भोजन में चली जाती है। शौचालय के अभाव में आज भी महिलाएं खुले में शौच के लिए जाती हैं जो हम सभी के लिए शर्मिंदगी की बात है। उनके इज्जत व मान-सम्मान के रक्षा के लिए अपने-अपने घरों में शौचालय का निर्माण करना चाहिए। वहीं संस्था के समुदाय उत्प्रेरक अभय कुमार ने लोगों से योजना का लाभ उठाने की बात कही। मौके पर संस्था के अरूण कुमार भगत, वार्ड सदस्य रामप्रसाद प्रधान, मुटा प्रधान, कमलू कच्छप, फुलचंद भुईयां, फुलका प्रधान, विमला देवी, सोनी देवी, शांति देवी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।