विजेता हॉकी खिलाडि़यों को किया गया सम्मानित
सिमडेगा : दिल्ली में आयोजित द्वितीय इंडियन ऑयल छोटानागपुर ट्राइवल महिला हॉकी राष्ट्रीय प्रतियोगिता म
सिमडेगा : दिल्ली में आयोजित द्वितीय इंडियन ऑयल छोटानागपुर ट्राइवल महिला हॉकी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सिमडेगा जिला की टीम को प्रथम स्थान व लट्ठाखमन की टीम को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ था। एसएस बालिका हॉकी सेंटर में मंगलवार को विजेता टीम के खिलाडि़यों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि इसी तरह पूरी ईमानदारी के साथ मेहनत करते रहे तो भविष्य में निश्चित रूप से सफलता आपके कदम चूमेगी। वहीं हॉकी संघ के अध्यक्ष इग्नेश तिर्की ने कहा कि उपायुक्त ने खिलाडि़यों के जरूरत की सबसे महत्वपूर्ण सामग्री खेल किट के साथ जूता व अन्य सामान उपलब्ध कराये जो उनके खेल के प्रति प्रेम व समर्पण को दर्शाता है। मौके पर विजेता टीम के खिलाडि़यों ने उपायुक्त को सम्मान स्वरूप हॉकी स्टीक भेंट किया।
मालूम हो कि सिमडेगा की टीम ने ओडिशा पानपोस की टीम को 3-2 से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया था। जिसमें प्रमिला सोंरेग, पिंकी एक्का व अलका डुंगडुंग एक एक गोल किये थे। वही लटठाखमन की टीम ने खूंटी बिरसा मुंडा की टीम को तीन एक से पराजित कर कास्य पदक जीता था। खिलाड़ी संगीता कुमारी वेतन डुंगडुंग ,शंकुतला कुमारी ने एक-एक गोल किया था। मौके पर बेंजामिंन लकड़ा,राम कैलाश राम, मनोज कोनबेगी, वीणा केरकेटटा, मरियानुस एक्का, कलेश्वर मांझी, प्रतिमा बरवा, बसंत बा:, शशिकांत वर्मा आदि उपस्थित थे।