कई माह से लापता हैं चार किशोर किशोरियां
बानो : थाना क्षेत्र से चार किशोर- किशोरियां पिछले चार-पांच माह से लापता हैं। इनमें उकौली मौनाबेड़ा के जीवन सुरीन (19), नेली तोपनो (12), सुनीता कुमारी (14), व उकौली गंधरफ टोली के भोलेनाथ सिंह (17) शामिल हैं। बताया जाता है कि नेली तोपनो पांच फरवरी को शाम से अपने घर से लापता है। वहीं सुनीता कुमारी मार्च 2014 से गायब है। जबकि जीवन सुरीन व भोलेनाथ सिंह 21 अप्रैल से लापता हैं। सभी के परिजनों ने अपने स्तर से उन्हें ढूंढने का काफी प्रयास किया। इसके बाद पता चला कि संजय बड़ाइक नाम के युवक ने चारों को कहीं ले जाकर बेच दिया है। संजय बड़ाइक कोलेबिरा थाना के रामजड़ी का रहने वाला है, उसका वर्तमान पता उकौली मौनाबेड़ा है। कई बार ग्रामीणों ने बैठक कर बच्चों को वापस लाने के लिए संजय बड़ाइक को बुलाने का प्रयास किया। लेकिन, हर बार बैठक में संजय के पिता विनोद बड़ाइक ग्रामीणों व परिजनों को बरगलाने का प्रयास करते रहते हैं। इसके बाद परिजन थाना में मामला दर्ज करा बच्चों को वापस लाने व दोषी पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। संजय ने ग्रामीणों को गोली मारने की भी धमकी दी है। वहीं बाल मित्र थाना प्रभारी विमल सिंह ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।