रामनवमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
सिमडेगा : रामनवमी-2014 के तहत जिले में शांति व विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए उपायुक्त व एसपी के संयुक्त आदेश जारी कर दिए गए हैं। रविवार को दोपहर से ही दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल व लाठी बल को प्रतिनियुक्त किया गया है। वे 9 अप्रैल के पूर्वाह्न तक अपने ड्यूटी पर बने रहेंगे। इधर, पदाधिकारियों को संवेदनशीलता के आधार पर विभिन्न समुदाय के पूजा स्थल, कब्रिस्तान, ईदगाह, पूजा स्थल की विवादित भूमि के आस-पास से जुलूस गुजरने पर विशेष चौकसी व सघन गश्ती करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, असामाजिक, आपराधिक व उपद्रवी तत्वों पर रही कड़ी नजर रखने को कहा गया है। विधि-व्यवस्था के संधारण में स्थानीय शांति समिति व अन्य सामाजिक संगठनों से भी सहयोग लेने को कहा गया है। विधि-व्यवस्था की स्थिति पर सम्यक निगरानी व नियंत्रण के लिए जिला मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिसका टॉल फ्री नंबर- 1800345654 व दूरभाष संख्या 06525-225106 है। प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को प्रति दिन का प्रतिवेदन नियंत्रण कक्ष में जमा करने का भी निर्देश दिया गया है।