खरकई नदी तट से बरामद शव जयप्रकाश का
संवाद सहयोगी, आदित्यपुर : बीते मंगलवार को खरकई नदी तट से पुलिस द्वारा बरामद शव की पहचान जयप
संवाद सहयोगी, आदित्यपुर : बीते मंगलवार को खरकई नदी तट से पुलिस द्वारा बरामद शव की पहचान जयप्रकाश गुप्ता के रूप में हुई है। आदित्यपुर सिटी रेसीडेंसी निवासी व्यवसायी जयप्रकाश गुप्ता 20 मार्च की शाम करीब छह बजे बाजार जाने की बात कह कर घर से निकले थे लेकिन लौटे नहीं। इधर, जयप्रकाश की हत्या मामले में पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड का भी सहारा लिया लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। पुलिस हत्या के पीछे संपत्ति विवाद को प्रमुख रूप से रखकर जांच कर रही है। अवैध संबंध, दुश्मनी आदि बिंदु भी पुलिस की जांच में शामिल हैं। बता दें कि जयप्रकाश गुप्ता की हत्या पत्थर से कूचकर की गई और साक्ष्य छुपाने के लिए लाश को खरकई नदी तट पर बालू के नीचे दबा दिया गया था।
पत्नी ने की शिनाख्त : सोमवार की शाम बाजार के लिए निकले जयप्रकाश जब देर रात तक घर नहीं लौटे तो पत्नी संगीता समेत दोनों बेटियां परेशान हो गई। पत्नी ने थाने जाकर पुलिस को मामले की जानकारी भी दी थी। मंगलवार को खरकई नदी तट से जब पुलिस ने शव बरामद कर शिनाख्त शुरू की तो संगीता को भी बुलाया गया। संगीता ने मृतक की पहचान जयप्रकाश गुप्ता पति के रूप में की। हालांकि पति की हत्या के बारे में वह पुलिस को कोई जानकारी नहीं दे सकी।
पहले बस्ती में रहता था जयप्रकाश : जय प्रकाश गुप्ता पहले आदित्यपुर गुमटी बस्ती में रहता था। उसकी आदित्यपुर शेरे पंजाब चौक पर गुप्ता टेक्सटाइल्स के नाम से दुकान थी, जिसे बाद में उसने बेच दिया और सिटी रेसीडेंसी में किराये पर रह रहा था।
दहेज मामले में गया था जेल : व्यवसायी जयप्रकाश गुप्ता ने दो शादियां की। पहली पत्नी से दहेज को लेकर विवाद था, जिसमें वह सात-आठ साल पहले जेल भी गया था। इसके बाद जयप्रकाश ने जमशेदपुर निवासी संगीता से शादी की, जिससे दो बेटियां हैं।
अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज : जयप्रकाश का शव बरामद होने के बाद पत्नी के बयान पर आदित्यपुर थाना में अज्ञात लोगो पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। दोषी जल्द ही पकड़े जाएंगे।