मोमेंटम झारखंड सिर्फ छलावा
साहिबगंज : नेता प्रतिपक्ष सह बरहेट के झामुमो विधायक हेमंत सोरेन सोमवार को कहा कि झारखंड की रघुवर सर
साहिबगंज : नेता प्रतिपक्ष सह बरहेट के झामुमो विधायक हेमंत सोरेन सोमवार को कहा कि झारखंड की रघुवर सरकार झारखंडियों के साथ छलावा कर रही है। भूमि आवंटन नीति, उद्योग नीति, लेबर लॉ, स्थानीयता नीति में हेरफेर कर राज्य सरकार ने मूलवासियों और आदिवासियों को छलने की योजना बना ली है। सरकार की इस मंशा को झामुमो कामयाब नहीं होने देगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन कर यहां के मूलवासियों-आदिवासियों को बेघर करने की नीति अपनाई। अब मोमेंटम झारखंड के बहाने झारखंड के लोगों को छलने का काम कर रही है। बड़े पैमाने पर राज्य को लूटने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि रांची में आयोजित मोमेंटम झारखंड कार्यक्रम के दौरान शहर में धारा 144 लागू कर दिया गया था। यही नहीं इंवेस्टर्स समिट में उन्हीं उद्योगपतियों को बुलाया गया था जो पहले से यहां अपना व्यवसाय चला रहे हैं। बिड़ला, उषा मार्टिन, ¨जदल के अलावा मोमेंटम झारखंड में शिरकत करने पहुंचे सभी उद्योगपति पहले से ही झारखंड में अपना उद्यम चला रहे हैं। ऐसे में रांची में धारा 144 लागू कर शहरवासियों को तकलीफ देकर कार्यक्रम का आयोजन किया जाना लोगों को साथ छलावा नहीं तो और क्या है?
उन्होंने कहा कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन कर सरकार आदिवासियों की जमीन पर बाहर के उद्योगपतियों का कब्जा जमाने की साजिश रच रही है। अब सभी जिला के बीडीओ और सीओ को शराब दुकान के लिए जमीन खोजने का निर्देश दिया गया है, जहां सरकार कम कीमत पर शराब उपलब्ध कराएगी। शराब का सेवन कर लोग अपनी जमा पूंजी लूटा कर कंगाल बन जाएंगे।
लिट्टीपाड़ा में दिवंगत झामुमो विधायक डॉ. अनिल मुर्मू के आकस्मिक निधन के बाद वहां की राजनीतिक उथल पुथल पर उन्होंने कहा कि अभी तो अनिल के चिता की आग भी ठंडी नहीं हुई है। ऐसे में वहां अभी से राजनीति करना शोभनीय नहीं है। कुछ लोग दूसरी पार्टी छोड़ कर झामुमो का दामन यह सोच कर थामने की फिराक में हैं कि चुनाव में उनको टिकट मिल सके, लेकिन इस मामले में पार्टी जल्दबाजी में नहीं हैं। उनका इशारा अपने एक पूर्व विधायक की ओर था।
उन्होंने कहा कि बरहेट की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है उसका प्रतिफल वे विकास के रूप में देना चाहते हैं। इस मौके पर जिप उपाध्यक्ष सुनील यादव व अन्य मौजूद थे।