बाढ़ पीड़ितों के बीच बंटा चूड़ा
साहिबगंज : राजमहल विधायक अनंत कुमार ओझा और एसडीओ मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने गुरुवार को अधिकारियों के
साहिबगंज : राजमहल विधायक अनंत कुमार ओझा और एसडीओ मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ सदर अंचल के दियारा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित टोलों का दौरा किया। ग्रामीणों की समस्याएं सूनी इसके बाद बाढ़ पीड़ितों के बीच चूड़ा का वितरण किया। हर प्रसाद पंचायत के दुर्गास्थान टोला में ग्रामीण श्रीकिशुन सिंह मलाह, विजय मंडल, राधेश्याम मंडल, मरचू मंडल, भीखन मंडल, मुनीलाल सिंह मांझी, गुलाटी सिंह की शिकायत थी कि वे लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। घर में खाना बनाने के लिए इंतजाम नहीं है। वे लोग शिविर में जाना चाहते हैं। हालांकि विधायक व प्रशासनिक पदाधिकारी राहत के रुप में चावल, दाल, दियासलाई व मोमबत्ती आदि सामान लेकर गए थे। परंतु स्थिति को देखते हुए केवल चूड़ा बांटकर चले आए। पानी ज्यादा रहने के कारण वे नाव से उतर नहीं सके। एसडीओ के साथ बीडीओ अंगारनाथ स्वर्णकार, अंचल अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी के अलावा विधायक के साथ पार्टी के अरविंद गुप्ता, शिवशंकर यादव, रामदरश यादव, रामानंद साह आदि कार्यकर्ता भी मौजूद थे। अनुमंडल पदाधिकारी एमके बरणवाल ने बताया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार से शहर के पुराना नवोदय विद्यालय में राहत शिविर खोलकर प्रभावित परिवारों को पशुओं के साथ एलसीटी से लाकर राहत सहायता के अलावा रहने एवं खाने पीने का पूरा इंतजाम किया जाएगा।
-------------
राहत वितरण से विधायक नाराज
राजमहल विधायक अनंत कुमार ओझा प्रशासनिक राहत वितरण से प्रसन्न नहीं दिखे। कहा कि दियारा के लोग बाढ़ की त्रासदी झेल रहे हैं परंतु सही तरीके से राहत का वितरण अबतक नहीं किया जा रहा है। राहत शिविर का इंतजाम प्रशासन को पहले से करना था। साहिबगंज के रामपुर दियारा के लिए पुराने नवोदय स्कूल में जबकि राजमहल के गदाई दियारा के प्रभावितों के लिए महाराजपुर में राहत शिविर खोलने के लिए साहिबगंज व राजमहल केएसडीओ को कहा गया है। बाढ़ पीड़ितों के साथ प्रशासनिक कोताही वे बर्दाश्त नहीं करने वाले हैं। गुरुवार को दुर्गास्थान टोला में राहत वितरण के लिए एसडीओ की ओर से केवल चूड़ा का इंतजाम करने पर भी विधायक नाराज दिखे। विधायक ने बताया कि वे उपायुक्त से मिलकर सारी वस्तु स्थिति से अवगत कराएंगे।