ईमानदारी से करें काम : विधायक
जासं, साहिबगंज: पैक्स की ओर से शहर के सिदो कान्हू स्टेडियम में आयोजित जन उत्सव कार्यक्रम को संबोधित
जासं, साहिबगंज: पैक्स की ओर से शहर के सिदो कान्हू स्टेडियम में आयोजित जन उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोरियो विधायक ताला मरांडी ने कहा आदिवासी व जनजाति क्षेत्रों के विकास के लिए अब तक कोई ठोस काम नहीं किया गया। उन्होंने कहा जमीन पर विकास का काम होना चाहिए। कागजी घोड़ा दौड़ाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने संस्थाओं को ईमानदारी से काम करने की सलाह दी। इसके पूर्व जन उत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार की कल्याण मंत्री डा. लुइस मरांडी व विधायक ताला मरांडी ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
जन उत्सव में उपस्थित जनजाति समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा जनजाति समुदाय के लोगों को सरकार की योजना की जानकारी तक नहीं होती। जन संपर्क विभाग का यह दायित्व है कि वे लोगों को हरेक बात की जानकारी दे। ताकि ये लोग अपने अधिकार को प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा जनजाति समुदाय के लोगों को ना तो आवास उपलब्ध है और ना ही पीने को शुद्ध पेयजल। चिकित्सा सुविधा भी उन्हे मुहैया नहीं है। गांव में अब तक पहुंच पथ भी नहीं बन सका है। उन्होंने झारखंड सरकार की मंत्री से अनुरोध किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि लोगों को उनका हक मिले। इसके पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर अतिथियों का स्वागत परंपरागत तरीके से किया गया। इसके पूर्व अतिथियों ने स्टेडियम में सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इधर जन उत्सव कार्यक्रम में जनजाति समुदाय के बीच जागरूकता का काम किया गया। इस दौरान जिला स्तरीय एलाइंस की रूपरेखा एवं ढांचा पर चर्चा किया गया। कार्यक्रम के दौरान पैक्स के झारखंड प्रबंधक जानसन टोपनो ने अपने संस्थान के गतिविधियों व कार्यक्रम की जानकारी दी। इस दौरान मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन मोमीना, धीरज व अनिल कुमार सिन्हा ने किया। मौके पर उप विकास आयुक्त मुकुंद दास, डीआरडीए निदेशक श्रीपति गिरि, आईटीडीए निदेशक शाहिद अख्तर, सीएस डॉ. बी मरांडी काशीनाथ चटर्जी, मेरीलीना सोरेन, डॉ. रणजीत कुमार सिंह, मनोज कुमार पासवान सहित भारी संख्या में जनजाति समुदाय के लोग मौजूद थे।