पत्थर से कुचल कर युवक की हत्या
तीनपहाड़ (साहिबगंज) : तालझारी थाना क्षेत्र के जसकुटी मोड़ के समीप पुल के नीचे से एक युवक का शव पुलिस न
तीनपहाड़ (साहिबगंज) : तालझारी थाना क्षेत्र के जसकुटी मोड़ के समीप पुल के नीचे से एक युवक का शव पुलिस ने बुधवार को बरामद किया है। बुधवार सुबह 11 बजे जब बुरसी पहाड़ विद्यालय के छात्र-छात्राएं मतदाता जागरूकता रैली निकालते हुए उस रास्ते से गुजर रही थे, तभी बच्चों ने पुल के नीचे शव पड़ा देखा। देखते ही देखते यह खबर आग की तरह क्षेत्र में फैल गई। सुचना मिलते ही तालझारी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। शव की पहचान वृंदावन गांव के मुबारक अंसारी के रूप में की गई है। मृतक की मां ने पुलिस को तिरिल टोला के दो लोगों के खिलाफ हत्या करने की आशंका जतायी है। हालांकि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे घटनाक्रम की तहकीकात में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक शव को देखने से प्रतीत होता है कि युवक की हत्या किसी नुकीले पत्थर से कुचल कर की गई है। उसके सिर व कनपट्टी पर गहरे जख्म हैं। हालांकि हत्या के पीछे के कारण का पता नहीं चल पाया है। शव अर्द्धनग्न अवस्था में पुल के नीचे पड़ा था। शव की पहचान बाद में मृतक के पिता साबिर अंसारी व मां सहरुल बीबी ने की। शहरुल बीबी ने पुलिस को बताया कि मुबारक तिरिलटोला के चुंडा सोरेन पिता रमकू सोरेन के यहां पिछले तीन माह से काम करता था। मंगलवार रात साढ़े आठ बजे वह खाना खाने के लिए आया था। इसके बाद घर से निकला था। पुलिस को दिए बयान में मृत युवक की मां ने तिरिलटोला के चुंडा सोरेन व रमकु सोरेन पर ही हत्या करने की आशंका व्यक्त की है। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की तहकीकात कर रही है।