आभूषण चोरी का सरगना धराया
संवाद सहयोगी, तालझारी (साहिबगंज): तालझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर स्थित बीरू ज्वेलर्स में 30 अगस्त की रात हुई चोरी मामले के मुख्य आरोपी विजय कुमार साह को शुक्रवार की रात बिहारके बांका जिला स्थित विजय हाट ग्राम से तालझारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार विजय साह के पास से चोरी का जेवरात भी बरामद किया। पुलिस ने इस अभियान में मुख्य आरोपी के साथ-साथ उसके सहयोगी निरंजन साह को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस संबंध में थाना प्रभारी द्वारिका राम ने बताया कि एक सितम्बर से ही मुख्य आरोपी की तलाश जारी थी। इसके लिए हंसडीहा, गोड्डा व बांका में भी छापेमारी अभियान चलाया गया था। बांका में मुख्य आरोपी अपनी मौसेरी बहन के ससुराल में छिपा हुआ था। वहीं से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार विजय कुमार साह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि उक्त मामले में उसके साथ दो अन्य सहयोगी भी थे। तालझारी पुलिस ने उसके एक सहयोगी रंजीत कुमार साह को बीते 3 सितंबर को ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।