पुलिस ने रोकी लड़की की विदाई
संवाद सहयोगी, साहिबगंज : मोबाइल पर मिली एक सूचना के आधार पर मध्यप्रदेश के लड़का व साहिबगंज की लड़की की शादी मामले में कार्रवाई करने घटना स्थल पहुंची पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। लेकिन जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी राधेश्याम राम ने लड़की की विदाई पर रोक लगा दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिला मुख्यालय स्थित जिरवाबाड़ी ओपी थाना पुलिस को शुक्रवार की सुबह सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के मजहर टोला में एक नाबालिग लड़की का विवाह जबरन एक 40 साल के व्यक्ति से कराया गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राधेश्याम राम, एएसआइ सूर्यदेव पांडेय, एसआइ प्रयाग दास दलबल समेत घटनास्थल पर पहुंचे। छानबीन के क्रम में पुलिस ने पाया कि मध्यप्रदेश अंतर्गत नीमछ का रहने वाला करीब 24 वर्षीय युवक गोविंद पासवान का विवाह एक 20 वर्षीय लड़की से हो गया। इस दौरान पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों से पूछताछ की। जानकारी मिली कि लड़का और लड़की दोनों आधिकारिक रूप से बालिग हैं और अपने हित में किसी भी प्रकार का निर्णय लेने को स्वतंत्र हैं। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस वापस लौट गई। लेकिन थाना प्रभारी ने लड़की की विदाई पर फिलहाल रोक लगा दी है। इस बावत जिरवाबाड़ी ओपी थाना प्रभारी राधेश्याम राम ने बताया कि नाबालिग लड़का-लड़की के जबरन विवाह की बात सरासर गलत है। फिर भी विधिसम्मत कार्रंवाई को छानबीन की जा रही है।