चाचा ने की नाबालिग भतीजी की हत्या
बरहड़वा (साहिबगंज) : रांगा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिन्दुधाम की तलहटी में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे प्रमोद कुमार स्वर्णकार की 11 वर्षीया पुत्री की हत्या उसके नशेड़ी चाचा चंदन कुमार स्वर्णकार ने कर दी। हत्या लोहे से सिर पर प्रहार कर की गई। घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जाता है। लड़की मां घर पर नहीं है। उसके आने के बाद कारणों का खुलासा हो जाएगा। घटना को अंजाम देने के बाद चाचा घर से फरार हो गया। चाचा पिछले वर्ष विन्दुधाम मंदिर में हुई मूर्ति चोरी का भी आरोपी है। इस मामले में वह 10-12 दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल राजमहल भेज दिया। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द से जल्द अगर पुलिस हत्यारे चाचा को गिरफ्तार नहीं करती है तो गांव स्थित घर को उजाड़ दिया जाएगा।
काजल कुमारी मंगलवार की सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर रही थी। उस समय उसकी दादी पास की ही परचून की दुकान में राशन लाने गई थी। घर में उसका छह वर्षीय भाई था। घर के अन्य सदस्य अपने काम पर गए थे। मृत बच्ची की मां अपने मायका पटना गई हुई थी। इसी बीच उसके चाचा ने इस घटना को अंजाम दे दिया। इसके बाद वह घर से फरार हो गया। बच्ची की दादी जब घर वापस आई तो पोती की हालत देख उसे उठाते हुए चिकित्सक के पास पहुंची। सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. केडी मुर्मू ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में बरहड़वा प्रक्षेत्र के पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार व थाना प्रभारी रांगा अश्लोक सिंह अस्पताल व घटनास्थल पर जाकर मामले की जांच-पड़ताल की।