आज फिर बढ़ेगा गंगा का जलस्तर
जागरण संवाददाता,साहिबगंज: गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद दियारावासियों की बेचैनी बढ़ गयी है। बुधवार को साहिबगंज में गंगा नदी खतरे के निशान से 58 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी। खेतों में बाढ़ का पानी फैलने के कारण मवेशी चारे की किल्लत होने लगी है।
केंद्रीय जल आयोग साहिबगंज कार्यालय के इंचार्ज रंजीत कुमार मिश्र ने बताया कि बुधवार सुबह 6 बजे गंगा नदी साहिबगंज में 27.83 सेंटीमीटर पर बह रही है। गुरुवार सुबह तक जलस्तर में 7 सेंटीमीटर वृद्धि होने का अनुमान है। गुरुवार सुबह जलस्तर 27.90 सेंटीमीटर होने का अनुमान है। बक्सर में गंगा का जलस्तर घट रहा है। पटना में स्थिर है। हाथीदह से फरक्का तक जलस्तर बढ़ रहा है। साहिबगंज में खतरे का निशान 27.25 सेंटीमीटर पर है। अपर समाहर्ता सह आपदा प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि जिले को बाढ़ जैसी आपदा से बचाने के लिए प्रशासन सर्तक है। बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रखंड विकास पदाधिकारियों को राहत कार्य के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
राजमहल : राजमहल के तटीय क्षेत्रों में कटाव का खतरा और अधिक बढ़ गया है। ना सिर्फ ग्रामीण बल्कि नपं क्षेत्र के नौगच्छी, नौघरिया इत्यादि क्षेत्रों में निवास कर रहे लोग इतने भयभीत है कि वे रतजगा के लिए मजबूर हो गए हैं। क्षेत्रवासी गोपाल मंडल, मनोज मंडल, शिव मंडल ने बताया कि उनलोगों को हमेशा भय बना रहता है कि कहीं गंगा की तेज बहाव में उनलोगों का आशियाना ना उजड़ जाए। गंगा के बढ़ते जलस्तर से गंगा तट पर अवस्थित सिंहिदलान भी कहीं कटाव की जद में न आ जाए। एसडीओ विधानचंद्र चौधरी सहित सांसद विजय हांसदा ने भी उक्त क्षेत्र का भ्रमण कर इसके स्थायी समाधान के लिए उपायुक्त से अविलंब निरोधक कार्य प्रारंभ करने की बात कही है।