जमीन विवाद में महिला की हत्या
संवाद सहयोगी, बरहेट (साहिबगंज): बरहेट थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर बाद भूमि विवाद में चुड़की सोरेन (45 वर्ष) की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। सूचना पर बरहेट पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के पति पौलुस किस्कू ने शनिवार को गांव के मरांग किस्कू व मांझी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी बरहेट थाना में दर्ज करायी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी की लेकिन दोनों घर पर नहीं मिले।
प्राथमिकी के अनुसार शुक्रवार को पौलुस की पत्नी चुड़की सोरेन गांव के हड़मा सोरेन के खेत पर धनरोपनी करने गयी थी। पौलुस डीलर के पास चावल लाने गया था। चावल लेकर लौटने के बाद घर में ताला लगा पाया। खोजबीन करते हुए जब वह खेत पर पहुंचा तो देखा कि उसकी पत्नी का शव पड़ा हुआ है। उसकी धारदार हथियार से गला रेता ग यी थी। शव को उठा कर पौलुस ने घर लाया और घटना की जानकारी बरहेट थाना पुलिस को दी। शनिवार को बरहेट थाना प्रभारी विनोद उरांव गांव पहुंच मामले की छानबीन की।
मृतका के पति ने बताया कि मरांग किस्कू के साथ उसका जमीन का विवाद चल रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों घर से फरार हैं। बरहेट थाना प्रभारी विनोद उरांव ने पूछे जाने पर बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी घर से फरार है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।