हादसे में बच्चे की मौत, सड़क जाम
संवाद सहयोगी, बरहेट (साहिबगंज): थाना क्षेत्र के तलबड़िया चौक एवं कदमा गांव के बीच सोमवार को बोलेरो ने एक 7 वर्षीय बच्चे को कुचल डाला। इससे उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद चालक फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्चे के शव के साथ बरहेट-दुमका सड़क जाम कर दिया। जाम की सूचना पर बरहेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। समाचार लिखे जाने तक जाम खत्म नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार हनीफ अंसारी का पुत्र इरशाद अंसारी (7 वर्षीय) लगभग 11 बजे कहीं जा रहा था। इसी बीच बरहेट की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने बच्चे को कुचल डाला। बच्चे के सिर एवं पैर में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। परिजन घायल बच्चे को इलाज के लिए दुमका ले जा रहे थे। इस बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर गांव लौट आए। मौत की सूचना मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने शव के साथ बरहेट-दुमका सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विनोद उरांव, एसआइ सीताराम पासवान, क्षितिज सिंह जाम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों से वार्ता जारी थी। उक्त वाहन कुसमा निवासी हफाजुद्दीन अंसारी का बताया जा रहा है जो वर्तमान में तलबड़िया में रह रहा है।
--------
विवाहिता को जलाकर मार डाला
जागरण संवाददाता, साहिबगंज : बांका जिला कटोरिया थाना के राधानगर निवासी कालाचन्द्र नाग ने बोरियो थाना में आवेदन देकर अपनी पुत्री रिंकु देवी को सुसराल वालों के जरिए दहेज के लिए जलाकर मार देने का मामला दर्ज कराया है। बोरियो थाना प्रभारी विजय सोरेन ने बताया कि उसकी पुत्री की शादी बोरियो बंगाली टोला में 4 वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद से दहेज की मांग की जाती थी। सोमवार को सुसराल वालों ने रिंकु देवी को जला दिया। पुलिस इस मामले में मुन्ना रक्षित, उर्मिला देवी, दीनानाथ रक्षित, दयाल रक्षित, एवं मधु देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ कर दी है।