लापता हो गई जमीन कारोबारी की पत्नी तो घर में रहने वाले किरायेदारों को किया अगवा
Ranchi Crime. पुलिस ने इस मामले में आनन-फानन कार्रवाई करते हुए नगड़ी से दोनों भाइयों को मुक्त कराते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
रांची, जासं। राजधानी रांची में दो युवकों के अपहरण की सूचना पर गुरुवार को पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आनन-फानन में लोकेशन ट्रेस करते हुए दोनों भाइयों को नगड़ी से मुक्त करवा लिया। पुलिस की जांच में पता चला कि कथित अपहर्ता ने अपनी पत्नी के लापता होने पर उनके घर किराये में रहने वाले दो भाइयों को अगवा कर लिया था।
दरअसल अरगोड़ा क्षेत्र के चेतनटोली निवासी जमीन कारोबारी जतरू उरांव की अपनी पत्नी से बुधवार को झगड़ा हो गया था। झगड़ा के बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई। इसके बाद जतरू उरांव ने उनके घर किराये पर रहने वाले संजीत सिंह और आदित्य सिंह को अगवा कर लिया। सुबह करीब आठ बजे पहले संजीत सिंह को घर से ही उठाया। घर के सभी मोबाइल भी ले गया। वहां से कार में लेकर नगड़ी की ओर बढ़ा।
नगड़ी के तसर एवं अनुसंधान केंद्र में कैंटीन में काम कर रहे संजीत के छोटे भाई आदित्य को भी उठाया। इसके बाद एक ढाबे में ले गए। ढाबे में ले जाकर मारपीट की। मारपीट से दोनों भाइयों को हल्की चोटें भी आईं हैं। दोनों के अगवा की सूचना एसएसपी को दी गई। इसके बाद लोकेशन ट्रेस करते हुए दोनों को मुक्त करवा लिया गया। वहीं जतरू सहित तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
हथियार के बल अगवा करने का आरोप : संजीत और आदित्य के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों को हथियार के बल पर अगवा कर लिया गया है। अगवा करने के बाद मारने की योजना थी। हालांकि जतरू ने पुलिस को बताया है कि उनकी पत्नी के भागने के पीछे दोनों भाई ही जिम्मेदार हैं। जतरू के घर पर संजीत और आदित्य पिछले सात महीने से रह रहे हैं। दोनों नगड़ी के तसर अनुसंधान केंद्र में कैंटीन चलाते हैं। पुलिस दोनों पक्षों से पूरी बात पता लगाने में जुट गई है।
धुर्वा में किरायेदार को अगवा कर ले गया था तांत्रिक के पास : इसी तरह की एक घटना धुर्वा इलाके में पिछले माह हुई थी। घर में चोरी हुई तो मकान मालिक ने किरायेदार को अगवा कर लिया और उसे एक तांत्रिक के पास ले गाजीपुर ले गया। ताकि चोरी गया सामान वापस आ सके। जब चार दिनों तक किरायेदार का पता नही चला तब उसके बेटे ने थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी थी।
'मामला अपहरण का नहीं लग रहा है। पत्नी के घर छोड़कर जाने के विवाद को लेकर यह घटना हुई है। मामले की छानबीन की जा रही है। वेंकटेश सिंह, इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी अरगोड़ा।