जहरीली शराब से मौतों के खिलाफ आज रांची बंद
कांग्रेस के रांची बंद को देखते हुए रिजर्व में रखे गए जवानों को भी सड़क पर उतार दिया गया है, ताकि शहर में अमन-चैन बना रहे।
रांची, जागरण संवाददाता। राजधानी में जहरीली शराब से हुई मौतों के विरोध में शनिवार को कांग्रेस ने रांची में बंद का आह्वान किया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इस बंद का समर्थन किया है। वहीं, बंद के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बंद के दौरान उपद्रव मचाने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी और उनकी गिरफ्तारी लेगी। वहीं, बंद समर्थकों के विरुद्ध दंड प्रक्रिया संहिता 107 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इधर, उप राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर पुलिस पहले से ही मुस्तैद है। ऊपर से कांग्रेस के रांची बंद को देखते हुए रिजर्व में रखे गए जवानों को भी सड़क पर उतार दिया गया है, ताकि शहर में अमन-चैन बना रहे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद पांडेय ने बंद का समर्थन करते हुए कहा कि राज्य में लगातार मौतों का सिलसिला चल रहा है। कहीं जहरीली शराब पीकर जवान मर रहे हैं तो कहीं अस्पतालों में बच्चों की जान जा रही है। सरकार इन घटनाओं के प्रति संवेदनहीन है। इधर समाजवाी पार्टी ने भी बंद का समर्थन देने की घोषणा की है।
युवा कांग्रेस की बैठक में बंद को सफल बनाने का निर्णय
महानगर युवा कांग्रेस की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें शनिवार को रांची बंद को लेकर चर्चा की गई। साथ ही बंदी को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष राजीव नारायण प्रसाद ने कहा कि झारखंड सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। राजेश सिन्हा सन्नी ने कहा कि बंदी ऐतिहासिक होगी।
ग्रामीण अध्यक्ष राकेश कुजूर ने आम लोगों से बंदी को सफल बनाने की अपील की। बैठक में कुलदीप कुमार रवि, पंचम सिंह, चंदन सिंह, प्रिंस बट्ट, मो. इमरान खान, नरेंद्र सिंह, इमरान खान चिस्ती, विराट कुमार शर्मा, वेद प्रकाश तिवारी, राजीव नारायण आदि थे।
यह भी पढ़ें: रांची में जहरीली शराब से अब तक 17 की मौत, 13 जवान निलंबित