आज समाप्त होगी दानिश की पेरोल
रांची : अहमदाबाद में वर्ष 2008 के सीरियल बम ब्लास्ट मामले में गुजरात के सेंट्रल जेल में बंद इंडियन म
रांची : अहमदाबाद में वर्ष 2008 के सीरियल बम ब्लास्ट मामले में गुजरात के सेंट्रल जेल में बंद इंडियन मुजाहिदीन का संदिग्ध आतंकी दानिश रियाज उर्फ शाकिन उर्फ अफाक इकबाल का पेरोल गुरुवार को समाप्त हो जाएगा। उसे चार दिनों के पेरोल पर बीते 20 फरवरी को रांची लाया गया था। दानिश का रांची में बरियातू के जोड़ा तालाब रोड में अपना मकान है, जहां मां, भाई सहित पूरा परिवार रहता है। मां की तबीयत खराब होने पर दानिश को एनआइए की अदालत से चार दिनों का पेरोल मिला था।
गौरतलब है कि पेरोल मिलने के बाद गुजरात के एसीपी एजे पटेल के नेतृत्व में भारी सुरक्षा के बीच उसे रांची लाया गया था। पटेल ने बरियातू थाने में इसकी लिखित सूचना दी है। इसके बाद बरियातू पुलिस की ओर से सुरक्षा के लिए दस जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। गुरुवार की रात तक वह बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में रहेगा। इसके बाद शुक्रवार को उसे गुजरात ले जाया जाएगा।
घर के बाहर कड़ी सुरक्षा : पेरोल अवधी के दौरान आतंकी दानिश के घर के बाहर कड़ी सुरक्षा लगाई गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच उसे हर दिन सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक अपनी मां के साथ रखा जाता है। इसके बाद उसे भारी सुरक्षा के बीच वापस होटवार जेल भेजा जाता है। गुरुवार को यह सिलसिला अंतिम होगा।