खुले में शौच करने पर निगम की टीम ने उतरवाई लुंगी, किया जब्त
खुले में शौच करने पर नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने लोगों को पकड़ा और उनकी लुंगी उतरवा ली।
जागरण संवाददाता, रांची। खुले में शौच करना हरमू के लोगों को रविवार को महंगा पड़ा। नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने लोगों को पकड़ा और उनकी लुंगी उतरवा ली। साथ ही, उसे जब्त भी कर लिया। सभी अपनी लुंगी वापस मांगते रहे, लेकिन किसी ने उनकी एक न सुनी।
आलम यह हो गया कि बिना कपड़ों के कई व्यक्ति को वापस घर जाना पड़ा। सभी को खुले में शौच करने की सजा भी मिल गई। साथ ही, सभी ने फिर से खुले में शौच न करने की शपथ भी ली है। हालांकि कुछ लोगों को नगर निगम की टीम ले लुंगी वापस भी कर दी। इस क्रम में नदी व तालाब के किनारे खुले में शौच कर रहे कई लोगों को निगम की इंफोर्समेंट टीम ने डंडा दिखाकर भयभीत भी किया।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत रविवार को रांची नगर निगम की इंफोर्समंट टीम ने चिन्हित ओडी (खुले में शौच) स्पॉटों पर हल्ला बोल लुंगी खोल अभियान चलाया। इस अभियान के तहत खेले में शौच कर रहे लोगों की लुंगी इंफोर्समेंट ऑफिसर द्वारा जब्त कर ली गई। कार्रवाई में 10 लोगों (भीम मुंडा, करण कुमार, संजय कुमार, छोटन प्रसाद, कैलाश यादव व अन्य) से 100-100 रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम द्वारा डिबडीह रेलवे पुल के समीप लगातार अभियान चलाए जाने के कारण रविवार को एक भी व्यक्ति खुले में शौच करते नहीं पकड़े गए। लगभग 100 ओडी स्पॉटों पर कम संख्या में लोग खुले में शौच करते पकड़े गए। रविवार को नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम द्वारा हरमू मैदान, हरमू नदी, केतारी बगान, डिबडीह पुल, बड़ा तालाब, मुक्ति धाम व आसपास के क्षेत्रों में हल्ला बोल लुंगी खोल अभियान चलाया गया।
यह भी पढ़ेंः झारखंड में पटाखा फैक्ट्री में आग से धधका गांव, नौ मरे; 25 घायल