टल सकती है सीएम की अमेरिका यात्रा
मुख्यमंत्री की अमेरिका यात्रा पर भी ग्रहण लगता दिख रहा है। 17 से 25 सितंबर के बीच प्रस्तावित अमेरिका यात्रा भी स्थगित होने की संभावना है।
राज्य ब्यूरो, रांची।राज्य सरकार द्वारा ग्लोबल इंवेस्टर सम्मेलन का आयोजन फरवरी में रांची में किया जाएगा। इस सम्मेलन में ज्यादा से ज्यादा विदेशी निवेशकों को बुलाने की योजना है। इसके लिए मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल को विदेश यात्रा पर जाना है।
मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा की शुरुआत 20 अगस्त से होने वाली थी। लेकिन उनकी सिंगापुर ,दक्षिण कोरिया ,चीन और जापान यात्रा स्थगित हो गई है। इसके बाद अमेरिका और कनाडा जाना था।
मुख्यमंत्री की अमेरिका यात्रा पर भी ग्रहण लगता दिख रहा है। 17 से 25 सितंबर के बीच प्रस्तावित अमेरिका यात्रा भी स्थगित होने की संभावना है।
खबर है कि अमेरिकी काउंसुलेट जनरल ने यात्रा की तारीख में फेरबदल करने का मौखिक अनुरोध किया है। वहीं इस दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी संयुक्त राष्ट्र संघ की बैठक में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका में रहेंगी। इसलिए भारतीय राजदूत व्यस्त रहेंगे। इसलिए यात्रा की नई तारीख पर विचार चल रहा है।
अमेरिका में नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव है। इसलिए चुनाव के बाद झारखंड का प्रतिनिधिमंडल वहां जाएगा। मुख्यमंत्री की कनाडा यात्रा रद कर दी गई है। कनाडा से निवेश की कम संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
मुबंई रोड शो में भी होगा बदलाव :
झारखंड सरकार द्वार निवेश प्रोत्साहन के लिए प्रस्तावित मुंबई रोड शो के तारीख में बदलाव होने की संभावना है। पहले यह रोड शो 16 सितंबर को होना था। अब इस तिथि में फेरबदल करने की योजना है।