बालीवुड को लुभा रहा झारखंड का आकर्षण : अनुपम खेर
झारखंड की मनमोहक वादियां जल्द ही रुपहले पर्दे पर नजर आएगी। सरकार ने हाल ही में राज्य फिल्म नीति की घोषणा की है जिसका असर अब देखने को मिल रहा है। राज्य सरकार यहां निर्मित फिल्मों को अनुदान भी देगी।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड की मनमोहक वादियां जल्द ही रुपहले पर्दे पर नजर आएगी। सरकार ने हाल ही में राज्य फिल्म नीति की घोषणा की है जिसका असर अब देखने को मिल रहा है। राज्य सरकार यहां निर्मित फिल्मों को अनुदान भी देगी। इसके लिए गठित चयन समिति के अध्यक्ष प्रख्यात सिने कलाकार पद्मभूषण अनुपम खेर बनाए गए हैं। खेर के अलावा जाने माने फिल्मकार इम्तियाज अली समेत 11 अन्य लोग समिति के सदस्य हैं। अनुपम खेर इन दिनों झारखंड आधारित दो फिल्मों में काम भी कर रहे हैं।
राज्य सरकार ने फिल्म नीति के तहत गौरांगो फिल्म क्राफ्ट अकादमी के बैनर तले बन रही हिन्दी-बांग्ला फीचर फिल्म कानू को आवश्यक सुविधा और सहायता उपलब्ध कराने पर सहमति प्रदान कर दी है। फिल्म कानू के निर्देशक प्रभात भट्टाचार्य और निर्मात्री जेसिका डिसूजा के अनुसार फिल्म की करीब 75 फीसद शूटिंग झारखंड के विभिन्न हिस्सों में की जाएगी। फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले चार-पांच कलाकार झारखंड के रहने वाले हैं। फिल्म के निर्देशक और नायक प्रभात भट्टाचार्य खुद भी चाईबासा से ताल्लुक रखते हैं। इसके अलावा घाटशिला की 12-13 फुटबॉल टीमें फिल्म में नजर आएंगी। इस फिल्म में अनुपम खेर फुटबॉल कोच की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म नीति के तहत अनुदान के लिए कतारबद्ध दूसरी फिल्म निर्माता सात्विक मोहंती की गुंडे एंड गुडिय़ा है, जिसकी 100 प्रतिशत शूटिंग झारखंड में ही की जा रही है। फिल्म में यहां के स्थानीय कलाकारों को मौका मिल रहा है। गुंडे एंड गुडिय़ा एक छोटे शहर के युवा की कहानी है।
रघुवर दास, मुख्यमंत्री, झारखंड ने कहा कि झारखंड में बोलना ही गीत और चलना ही नृत्य माना जाता है। यहां की समृद्ध संस्कृति एवं पर्यटन स्थलों को विकसित करने में फिल्में अहम भूमिका अदा करेंगी। फिल्मों के माध्यम से इनको दुनिया में पहचान दिलाने में मदद मिलेगी। झारखंड में प्रतिभा की कमी नहीं है। फिल्मों की शूटिंग यहां होने पर स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
अनुपम खेर, फिल्म अभिनेता ने कहा कि झारखंड सरकार ने अच्छी फिल्म नीति बनाई है। सरकार की सकारात्मक सोच का ही परिणाम है कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के फिल्मकार, निर्माता एवं निर्देशक झारखंड में फिल्म बनाने केलिए आ रहे हैं। फिल्म कानू में मैं बिल्कुल नये अंदाज में नजर आऊंगा। झारखंड के युवाओं का फुटबॉल के प्रति जुनून रूपहले पर्दे पर पहली बार नजर आएगा।