जापान से मोदी का पकौड़ा लाएंगे नीतीश: लालू
पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने कहा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जापान दौरे पर उन्होंने कहा कि वह जापान से मोदीजी का पकौड़ा लाएंगे।
रांची,जागरण संवाददाता। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने सीबीआइ के विशेष कोर्ट में पेश होकर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत की। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जापान दौरे पर उन्होंने कहा कि वह जापान से मोदीजी का पकौड़ा लाएंगे।
यूपीए में मनमोहन सिंह पीएम थे, उस समय जापान के पीएम दिल्ली आए थे। तो रेल के क्षेत्र में एमओयू हुआ था। लुधियाना से हावड़ा व दिल्ली से मुंबई समेत और आगे विस्तार करना था। एग्रीमेंट हुआ था कि बहुत कम कर्ज में कार्य होगा। थर्ड लाइन का काम शुरू भी कर दिए थे। भाजपा सरकार ने इसे खत्म कर दिया। जापान वाले बिहार में किस बात का निवेश करेंगे। अब नीतीश कुमार और उनके नेता नरेंद्र मोदी ने बैंक का सारा पैसा खाली करा दिया। शेयर होल्डर्स का पैसा विदेश चला गया। इसकी जांच होनी चाहिए। मोदी बोले थे न हम खाएंगे न खाने देंगे। पीएनबी के हजारों करोड़ रुपये की चपत लग गई। नीरव मोदी के खिलाफ छापेमारी पर कहा कि सब बचाकर हो रहा है। नोटबंदी के बाद जनता ने जितना पैसा बैंक में जमा किया था, पूरा का पूरा पैसा खंगाल दिया गया। पूंजीपतियों के बाल-बच्चे विदेश में रहने लगे हैं।
आरा का खुरमा-अमरूद, सारन का भूंजा खाएंगे लालू
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के खाने की च्वाइस खास ही है। जेल में रहने के बावजूद उनके लिए बाहर से विशेष खाद्य सामग्री उपलब्ध हो रही है। जेल में बंद लालू के लिए आरा से खुरमा-अमरूद लाया गया। वहीं सारन से दही, सेव और भूंजा भी आया। आरा से खुरमा लेकर जिला परिषद अध्यक्ष आरती देवी आईं थीं। उनके साथ उपेंद्र यादव भी थे। दोनों ने लालू से कोर्ट में मुलाकात की। साथ ही लालू प्रसाद की उस गाड़ी में खाद्य सामग्री रखवा दिया, जिससे लालू प्रसाद को जेल ले जाया जा रहा था।