लालू ने जज से कहा, जल्द फैसला कर दीजिए सर होली मनाएंगे
चारा घोटाला में कोर्ट में लालू ने भी अपनी बात रखी। कहा, जल्द फैसला कर दीजिए सर होली मनाएंगे।
जागरण संवाददाता, रांची। चारा घोटाला में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज सीबीआइ कोर्ट में पेश हुए। पशुपालन घोटाला से जुड़े डोरंडा और दुमका कोषागार से अवैध निकासी मामले में सीबीआइ अदालत में सुनवाई हुई। लालू प्रसाद व अन्य आरोपियों ने हाजिरी लगाई। डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी से संबंधित मामले में अधिकारियों ने गवाही दी। तत्कालीन डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर एलुरू, बीआरके पेडी राजू ने गवाही दी। तत्कालीन संयुक्त निदेशक परिवहन सह सचिव आरटीए हैदराबाद के जे पांडुरंग नायक और आरटीओ के बी गोप नायक की भी गवाही हुई।
कोर्ट में लालू ने भी अपनी बात रखी। कहा, जल्द फैसला कर दीजिए सर होली मनाएंगे। यह मामला डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये अवैध निकासी से संबंधित है। सीबीआइ के वरीय विशेष लोक अभियोजक बीएमपी सिंह ने गवाही दर्ज कराई।
सीबीआइ के विशेष कोर्ट में पेश होने जाते लालू प्रसाद।
डोरंडा मामले में सुनवाई के बाद लालू सहित अन्य आरोपी दुमका कोषागार से अवैध निकासी से संबंधित चारा घोटाला कांड संख्या आरसी 38ए/96 में सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत में पेश हुए। इस मामले में लालू की ओर से बहस हुई।
गौरतलब है कि चारा घोटाले के दो मामलों में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने बुधवार को सीबीआइ के विशेष कोर्ट में उपस्थित होकर हाजिरी लगाई। डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी से संबंधित मामले में सीबीआइ की ओर से गवाही दर्ज की गई। वहीं दुमका मामले में लालू की ओर से अदालत में बहस की गई। लालू प्रसाद ने कोर्ट परिसर में मीडियाकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने सभी को शिवरात्रि की शुभकामनाएं दी। कहा कि शिवरात्रि देवताओं के मान भगवान भोले शंकर बाबा की बरात का दिन है। हमलोग सदियों से यह पर्व मनाते आए हैं। आज वह खुद भी शिव-पार्वती की पूजा के बाद कोर्ट पहुंचे हैं।
वहीं वैलेंटाइन को बेफिजूल डे बताया। बिहार में उपचुनाव में जदयू के चुनाव नहीं लड़ने के प्रश्न पर कहा कि इसे देखने के बाद कुछ बताएंगे। लालू ने पत्रकारों पर भी चुटकी ली। टिकट बंटवारे पर पत्रकारों को कहा कि तुमलोग चुनाव लड़ोगे क्या? कोडरमा के कांग्रेस जिलाध्यक्ष शंकर यादव की हत्या को उन्होंने काफी दुखद बताया। कहा कि घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। साथ ही, अभियुक्तों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।