विवादों में मंत्री रणधीर, कड़ा रुख अख्तियार कर सकती है भाजपा
विवादों में घिरे रणधीर सिंह ने कहा कि सरकार के खिलाफ बोलना तो दूर, सोच भी नहीं सकता
राज्य ब्यूरो, रांची। पार्टी लाइन से इतर जाकर वक्तव्य देना कृषि मंत्री रणधीर सिंह को भारी पड़ सकता है। सोशल मीडिया में उनके बयान से संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा में संगठन के स्तर पर इसे काफी गंभीरता से लिया गया है। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कृषि मंत्री के बयान से संबंधित वीडियो क्लिप और इससे संबंधित मीडिया में आई रिपोर्ट की सभी प्रतियों को एकत्र करने का निर्देश दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा अभी बाहर हैं, उनके रांची आने पर इस पर विस्तार से चर्चा होगी। जांच कमेटी गठित कर रणधीर सिंह से जवाब तलब किया जा सकता है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस प्रकरण को बिना किसी जांच पड़ताल के नहीं छोड़ा जाएगा। हाल ही में पार्टी लाइन से इतर बात कहने वाली भाजपा नेत्री सीमा शर्मा को निलंबित किया गया था। हालांकि प्रत्यक्ष तौर पर भाजपा इस मसले को तूल देती नहीं दिखती। प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश कहते हैं कि सिंह से उनकी बात हुई है और उन्होंने इससे इन्कार किया है।
रणधीर सिंह बोले, सरकार के खिलाफ बोलना तो दूर, सोच भी नहीं सकता
देवघर : सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विवादों में घिरे कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने रविवार को फोन पर जागरण को बताया कि वह कार्यकर्ताओं के साथ बात कर रहे थे। उनकी बातचीत का वीडियो बनाकर विरोधियों ने उसे तोड़-मरोड़ कर वायरल कर दिया है। अपनी जिम्मेदारी को समझता हूं। मुख्यमंत्री ने मंत्री बनाया, पार्टी ने इज्जत दी, ऐसे में पार्टी व सरकार के खिलाफ कैसे कुछ बोल सकता हूं, बोलना तो दूर सोच भी नहीं सकता।
यह भी पढ़ेंः चारा घोटाले में राजबाला को नोटिस सरकार के गले की फांस बनी