चालक ने आपात ब्रेक लगाकर रोकी ट्रेन, बड़ी रेल दुर्घटना टली
...इसके बाद ट्रेन को वापस महुदा लाया गया और फिर रांची के लिए रवाना हुई।
जागरण संवाददाता, महुदा [धनबाद] । धनबाद से रांची जानेवाली इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार की सुबह महुदा से खुलने के बाद चंद्रपुरा जाने के बजाय खानूडीह-गोमो रूट पर चली गई। चालक को जब यह अहसास हुआ कि ट्रेन गलत ट्रैक पर जा रही है तो उसने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी और इसकी सूचना केबिनमैन व स्टेशन मास्टर को दी।
सूचना मिलते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया। दक्षिण पूर्व रेलवे के कई अधिकारी पहुंचे और मामले की छानबीन की। इसके बाद ट्रेन को वापस महुदा लाया गया और फिर रांची के लिए रवाना हुई। घटना सुबह के तकरीबन साढ़े आठ बजे की है। इस वजह से ट्रेन लगभग आधे घंटे तक महुदा में ही रुकी रही और डेढ़ घंटे विलंब से रांची पहंुची। अधिकारियों ने साधी चुप्पी : घटना को लेकर महुदा के स्टेशन मास्टर ने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।
घटनास्थल पर पहंुचे अन्य अधिकारियों ने भी चुप्पी साध ली। खानूडीह लाइन पर कुछ ही देर पहले दूसरी ट्रेन गई थी। अगर चालक ने ध्यान नहीं दिया होता तो किसी बड़ी दुर्घटना का शिकार इंटरसिटी एक्सप्रेस हो सकती थी।
जांच के आदेश : घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में दोषी पाए गए ट्रेन के चालक, केबिन मैन व स्टेशन मास्टर को निलंबित किए जाने की भी सूचना है। हालांकि इसकी पुष्टि किसी अधिकारी ने नहीं की है।