मोमेंटम झारखंडः इस तरह बढ़ेंगी यहां निवेश की संभावनाएं
जिन कंपनियों के सामने झारखंड का प्रजेंटेशन होगा उनमें से कई के प्रतिनिधियों से पहले भी बात हो चुकी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। मोमेंटम झारखंड के दौरान जिन जापानी कंपनियों से बातचीत हुई उनमें से कई झारखंड में निवेश को इच्छुक भी हैं, लेकिन इन कंपनियों से अभी तक वन-टू-वन बात हो रही थी। अब एक ऐसा मौका आया है, जब एक साथ लगभग 150 जापानी कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष झारखंड की प्रस्तुति होगी और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। यह प्रस्तुति गुरुवार को नई दिल्ली में जापानी दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान होगी।
देश में व्यवसाय कर रही जापानी कंपनियों के संगठन एसोसिएशन ऑफ जापानीज कंपनी इन इंडिया के वार्षिक कार्यक्रम में झारखंड को न्यौता मिला है। इस दौरान टीम झारखंड अपनी प्रस्तुति देगी। बताएगी कि कैसे और किन उद्योगों के लिए झारखंड एक मुफीद क्षेत्र है। संभावनाओं की भी जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही जमीन की उपलब्धता, मैनपावर की मौजूदगी और यहां कुशल कामगारों की बहुतायत के बारे में भी कंपनियों को जानकारी दी जाएगी। जिन कंपनियों के सामने झारखंड का प्रजेंटेशन होगा उनमें से कई के प्रतिनिधियों से पहले भी बात हो चुकी है। यह आयोजन सफल रहा तो मोमेंटम झारखंड में सरकार ने जो लक्ष्य तय किए थे उसके अनुसार उपलब्धियां हासिल हो सकेंगी।
खान एवं उद्योग विभाग के सचिव सह मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार वर्णवाल इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बोकारो में आयोजित तीसरे ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी से सीधे नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। वर्णवाल ने बताया कि सरकार राज्य में निवेश को आकर्षित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। बेहतर माहौल बना है और इसका लाभ भी मिलेगा। देश में कार्यरत 150 जापानी कंपनियों के प्रतिनिधि हर वर्ष यह सम्मेलन करते हैं और इस सम्मेलन से आगे की गतिविधियां भी तय होती हैं। आयोजन में जापान सरकार के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे जिससे आगे के कार्यक्रम आसानी से तय हो सकें।
यह भी पढ़ेंः 3475 करोड़ का होगा निवेश, 17742 को मिलेगा रोजगार