आदिवासियों को भड़का रहीं ईसाई मिशनरियांः भाजपा
भारखंड भाजपा उपाध्यक्ष समीर उरांव ने ईसाई मिशनरियों पर जमकर निशाना साधा।
राज्य ब्यूरो, रांची। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष समीर उरांव ने ईसाई मिशनरियों पर आदिवासियों को भड़काने, अशांति फैलाने और सद्भावना बिगाड़ने का आरोप मढ़ा है। उन्होंने कहा है कि पत्थलगड़ी के बहाने विकास कार्यो को अवरुद्ध करने में अदृश्य शक्तियां लगी हैं, जिनमें फादर और सिस्टर की अहम भूमिका है। इन शक्तियों को अंतरराष्ट्रीय सहयोग मिल रहा है, जिसे भाजपा बेनकाब करेगी। ऐसी ताकतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रदेश भाजपा का शिष्टमंडल बुधवार को मुख्य सचिव राजबाला वर्मा से मिलेगा। वे मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से मुखातिब थे।
उरांव ने कहा कि जब लिपि का विकास नहीं हुआ था, जनजातीय समुदाय किसी ऐतिहासिक घटना अथवा किसी खास व्यक्ति या समुदाय द्वारा की गई विशेष उपलब्धियों को प्रतीकात्मक तौर पर पत्थलगड़ी का रूप देते थे। आज असामाजिक ताकतें पत्थलगड़ी का दुरुपयोग कर रही हैं। पत्थलगड़ी के बहाने अफसरों, नेताओं, शोधकर्ताओं, पुलिस को गांव में जाने से रोका जा रहा है। उग्रवादियों से सांठगांठ कर प पत्थलगाड़ी की आड़ में अफीम की खेती हो रही है। रांची, खूंटी, सिमडेगा, चाईबासा आदि इलाके में पत्थलगड़ी का यह खेल सर्वाधिक खेला जा रहा है।
विजय और बबिता एजेंट, धर्म स्वतंत्र विधेयक से है बौखलाहट
प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि षडयंत्र, झूठा प्रचार आदि के जरिए भोलेभाले ग्रामीणों को दिग्भ्रमित करने में बेलोस बबिता कच्छप और एएल विजय कुजूर की भूमिका एजेंट वाली है। दोनों सिर्फ झारखंड में ही नहीं, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात आदि राज्यों में भी आदिवासियों को फांसने में लगे हैं। पिछले दिनों खूंटी में अफसरों और पुलिसकर्मियों को बंधक बनाने के मामले में चार्जशीट दायर हो चुकी है।
भाजपा किसी को बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा कि धर्म स्वतंत्र विधेयक के आने से ईसाई मिशनरियों को पांव पसारने में नहीं बन रहा, इसलिए उनमें बौखलाहट है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह को भी इन बातों से अवगत कराया गया है। इस बीच उन्होंने दो टूक कहा कि समस्त विपक्ष विकास में बाधक इन असामाजिक तत्वों को साधने में लगा है, जिसे जनता देख रही है।