एनआइए ने सोने नहीं दिया, जेल गए तो रात भर सोये राजा पीटर
झारखंड के पूर्व मंत्री राजा पीटर जेल में जाते ही रात में रोटी और सब्जी खाई तथा जाकर सो गए।
जागरण संवाददाता, रांची। विधायक रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में मुख्य साजिशकर्ता के रूप में गिरफ्तार पूर्व मंत्री राजा पीटर सहित चार आरोपी दो नवंबर तक न्यायिक हिरासत में हैं। जेल की सलाखों के पीछे कैद राजा पीटर ने सोमवार की रात तो गहरी नींद ली, लेकिन मंगलवार को वह दिन भर बेचैन रहे।
दिन में ही पत्नी आरती मिलने पहुंचीं तो उनसे दस मिनट तक बातचीत की। इसके बाद राजा फिर से सेल के अंदर चले गए। राजा पीटर के साथ-साथ इस मामले में अन्य आरोपी हैं कुख्यात नक्सली कुंदन पाहन, रमेश सिंह मुंडा के अंगरक्षक रह चुके और वर्तमान में जमादार शेषनाथ सिंह तथा दुमका जेल में बंद बलराम साहू उर्फ डेविड।
राजा पीटर पिछले नौ दिनों से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) के रिमांड पर थे। उन्होंने न्यायालय में भी कहा था कि एनआइए ने उन्हें सोने नहीं दिया। इसलिए जेल में जाते ही रात में रोटी और सब्जी खाई तथा जाकर सो गए। सुबह नींद खुलने के बाद नाश्ते में चना लिया और दोपहर में चावल।
अपर डिविजन सेल में ही पड़ोस में रहने वाले झरिया के विधायक संजीव सिंह और खिजरी के पूर्व विधायक सावना लकड़ा से पूर्व मंत्री राजा पीटर ने मुलाकात तक नहीं की। अपने कमरे में गुमशुम रहे और पत्नी के अलावा किसी से कोई बात नहीं की।
कुछ और राजनेता भी हैं एनआइए के रडार पर:
विधायक रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में कुछ और राजनेता राष्ट्रीय जांच एजेंसी की रडार पर हैं। अब एनआइए पूछताछ के लिए एक पूर्व मंत्री को हिरासत में ले सकती है। उक्त पूर्व मंत्री पर विधायक रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में फंडिंग का आरोप है।
अब तक नहीं मिली है ठोस उपलब्धि:
राष्ट्रीय जांच एजेंसी को अब तक कोई ठोस उपलब्धि हाथ नहीं लगी है। जांच एजेंसी ने नक्सली कुंदन, डेविड और राममोहन के बयान पर ही राजा पीटर को रिमांड पर लेकर पूछताछ की है, लेकिन राजा पीटर ने अंत-अंत तक रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में अपनी संलिप्तता से इन्कार किया है।
यह भी पढ़ेंः जेल में विधायक संजीव के पड़ोसी बने झारखंड के पूर्व मंत्री राजा पीटर