झारखंड के पूर्व मंत्री चार दिन की रिमांड पर
इस मामले में एक दिन पूर्व ही धनबाद जिले के जोरापोखर थाना क्षेत्र के भौरा ओपी में तैनात एएसआइ शेषनाथ सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था।
रांची, जागरण संवाददाता। झारखंड के पूर्व मंत्री राजा पीटर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने चार दिन की रिमांड पर लिया है। सोमवार को न्यायाधीश दिवाकर पांडेय की अदालत में उन्हें पेश किया गया। तमाड़ के पूर्व विधायक रमेश सिंह मुंडा की हत्या के आरोप में राजा पीटर को एनआइए ने रविवार को हिरासत में लिया था। लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।
राजा पीटर को पूर्व विधायक रमेश सिंह मुंडा की हत्या में मास्टरमाइंड माना जा रहा है। आरोप है कि उन्होंने रमेश सिंह मुंडा की हत्या के लिए नक्सलियों को डेढ़ करोड़ रुपये की सुपारी दी थी। इस मामले में एक दिन पूर्व ही धनबाद जिले के जोरापोखर थाना क्षेत्र के भौरा ओपी में तैनात एएसआइ शेषनाथ सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था। शेषनाथ तब विधायक रमेश सिंह मुंडा के अंगरक्षक थे। उनपर विधायक की हर गतिविधि को लीक करने और नक्सलियों को पूरी सूचना देने का आरोप है। रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में कुख्यात नक्सली कुंदन पाहन सहित चार आरोपी जेल में हैं। नौ जुलाई 2008 को बुंडू के एक स्कूल में समारोह के दौरान ही तत्कालीन तमाड़ विधायक रमेश सिंह मुंडा सहित चार लोगों की हत्या की गई थी।
यह भी पढ़ें: विधायक हत्याकांड की साजिश में पूर्व मंत्री पीटर हिरासत में